Murder Mystery: कत्ल का राजफाश करने के लिए साथियों से पूछताछ कर रही पुलिस

पता चला है कि परिवार की पट्टीदारों से भूमि विवाद की रंजिश है। हालांकि परिवार के लोग अभी तक हत्या के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने मृतक अशोक के कुछ साथियों को बुलाकर घटना वाली शाम के बारे में पूछताछ की है।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 02:03 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 02:03 PM (IST)
Murder Mystery: कत्ल का राजफाश करने के लिए साथियों से पूछताछ कर रही पुलिस
किसने और क्यों किया अशोक का कत्ल, यह छानबीन कर रही है पुलिस

प्रयागराज, जागरण संवाददाता।  पड़ोसी जनपद कौशांबी में पइंसा थाना क्षेत्र के कैमा गांव के समीप पल्लेदारी करने वाले अशोक की सिर कूंचकर हत्या के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। घरवाले कुछ बता नहीं सके हैं और जांच में भी अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। ऐसे में पुलिस पता चला रही है कि अशोक का उठना-बैठना किन लोगों के साथ था। जानकारी मिली है कि वह रोज शराब और खानपान का शौकीन था। साथियों के साथ बैठकर पीता-खाता था। दूसरा तथ्य यह आया है कि उसका अपने पट्टीदारों से भूमि विवाद की रंजिश चली आ रही है। हालांकि परिवार के लोग अभी तक हत्या के कारणों के बारे में कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने मृतक अशोक के कुछ साथियों को बुलाकर घटना वाली शाम के बारे में पूछताछ की है।

ससुराल की जमीन का विवाद भी उभरा

कैमा निवासी अशोक के पिता कई साल पहले अपनी ससुराल उदहिन में आकर रहने लगे। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पिता समेत बेटा अशोक मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। तीन अन्य भाई भी हैं, जो गैर जनपद में रहते हैं। जबकि अशोक की बहन सबसे छोटी है। अशोक की शादी भी नहीं हुई थी। अशोक के पिता गया प्रसाद का अपनी ससुराल में करीब चार बीघे भूमि पर कब्जे को लेकर पट्टीदार से विवाद चला आ रहा है। अशोक की लाश मिलने के बाद हत्या के पीछे गांव में भूमि विवाद का भी कयास लगाया जा रहा है जबकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि अशोक शराब का शौकीन था। वह अपने साथियों के साथ पीता-खाता था। हो सकता है कि उसका शराब पीने के बाद साथियों से कोई विवाद हुआ हो और उसकी हत्या कर दी गई।

किसके हैं वो चप्पल, की जा रही जांच

घटनास्थल से कुछ दूरी पर दूसरे व्यक्ति के चप्पल भी पड़े मिले हैं। चप्पल किसके हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अशोक जहां-जहां पल्लेदारी करता था, उसके साथी कौन-कौन हैं। सारी जानकारी इकट्ठा कर रही है। कुछ साथियों को थाने पर बुलाकर पूछताछ भी किया गया, लेकिन अभी तक नतीजा शून्य ही रहा है। उधर जवान बेटे की मौत के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है।

मोबाइल काल डीटेल से मिले सुराग

पल्लेदार अशोक की हत्या के बाद जिस स्थान पर शव फेंका गया, उसी जगह कुछ दूरी पर उसका मोबाइल भी बरामद हुआ। मोबाइल के जरिए ही मृतक की शिनाख्त कराई गई। मृतक का मोबाइल स्विच आफ अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे कब्जे में लिया है। अशोक को शुक्रवार की शाम किसने फोन किया और किसके पास मृतक ने फोन किया। यह सब कुछ पुलिस काल डिटेल से पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। फिलहाल कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही कातिलों को बेनकाब कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी