Murder Case Prayagraj: पहाड़ की लीज के लिए हुए विवाद में चचेरे भाई ने किया था कत्ल

रात को राजेंद्र का बेटा राजकिशोर उर्फ गोपीनाथ आदि से पुष्कर नाथ का विवाद होने लगा। उसी समय राजेंद्र प्रसाद अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक लेकर निकला और पुष्कर नाथ के गले व सीने में गोली मार दी उनकी मौत हो गई।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 06:50 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 06:50 AM (IST)
Murder Case Prayagraj: पहाड़ की लीज के लिए हुए विवाद में चचेरे भाई ने किया था कत्ल
लालापुर के डेराबारी गांव में हुई थी घटना, छह के खिलाफ नामजद केस दर्ज

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यमुनापार में लालापुर थाना क्षेत्र के डेराबारी गांव में 48 वर्षीय पुष्कर नाथ द्विवेदी की शनिवार रात गोली मारकर हत्या उनके चचेरे भाई ने की थी। घटना उस समय हुई थी, जब पहाड़ की लीज को लेकर चचेरे भाई के बेटे व अन्य से उनका विवाद हो गया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कोशिश की तो स्वजन और ग्रामीणों ने हंगामा किया। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई घंटे तक शव को नहीं उठने दिया। अधिकारियों ने समझाया, तब जाकर रविवार को लगभग 11 बजे लोग शांत हुए। मामले में छह को नामजद किया गया है।

लाइसेंसी बंदूक से मारी थी गोली

लालापुर प्रतिनिधि के अनुसार डेराबारी गांव में रहने वाले पुष्कर नाथ द्विवेदी किसान थे। गेरुआहिया पहाड़ उनका और उनके चचेरे भाई राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी का है। पुष्कर क्रशर का भी काम करते थे। आए दिन पहाड़ की लीज को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। शनिवार को राजेंद्र प्रसाद पहाड़ पर क्रशर का काम करवा रहा था। उसी समय पुष्कर वहां पहुंचे और विरोध करते हुए कहा कि जहां काम हो रहा है, वह पहाड़ उनके हिस्से में है। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शाम को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। इसमें भी हल नहीं निकला। रात को राजेंद्र का बेटा राजकिशोर उर्फ गोपीनाथ आदि से पुष्कर नाथ का विवाद होने लगा। उसी समय राजेंद्र प्रसाद अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक लेकर निकला और पुष्कर नाथ के गले व सीने में गोली मार दी, उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।

गिरफ्तारी के लिए कई घंटे तक होता रहा हंगामा

शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई शुरू हुई तो ग्रामीण हंगामा करने लगे। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। हंगामा बढ़ते देख शंकरगढ़, बारा थाने की पुलिस के साथ ही एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी प्रकार सभी को समझाया गया, तब जाकर रविवार को सुबह लगभग 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। बाद में मृतक के स्वजनों की तहरीर पर राजेंद्र प्रसाद, उसके बेटे गोपीनाथ, गुड्डू, अंशुल, साजन व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दो बेटों में एक है सिपाही

पुष्कर नाथ द्विवेदी के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र जितेंद्र पुलिस विभाग में सिपाही है और इस समय बांदा जनपद में तैनात है, जबकि छोटा पुत्र प्रकाश घर पर ही रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है।

chat bot
आपका साथी