सांसद रीता जोशी बोलीं- अब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का पहुंच रहा लाभ

सांसद रीता जोशी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश सरकार की कोशिश है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। जो महिलाएं पहले से कार्य कर रही हैं उनकी आय में वृद्धि की भी कोशिश हो रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 09:16 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 09:16 AM (IST)
सांसद रीता जोशी बोलीं- अब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का पहुंच रहा लाभ
सांसद रीता जोशी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में सरकार की योजनाओं पर चर्चा की।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। केंद्र और प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम कर रही है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ देने का प्रयास हो रहा है। जनधन खाता, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, विद्युत कनेक्शन, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं की रोशनी आम आदमी तक पहुंच रही है। यह बातें इलाहाबाद सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने कहीं।

बोलीं, महिलाओं को आत्‍मनिर्भर बनाने की सरकार कर रही कोशिश

सांसद रीता जोशी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही थीं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश सरकार की कोशिश है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। जो महिलाएं पहले से कार्य कर रही हैं, उनकी आय में वृद्धि की भी कोशिश हो रही है। राज्य सरकार किसानों, गरीबों, नौजवानों के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल ने भी कहा कि वह अपने क्षेत्र में विशेष रूप से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में जुटी हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी भी मौजूद रहे।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का पार्टी कार्यालय पर स्वागत

भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का पार्टी कार्यालय पर भव्य स्वागत हुआ। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के काशी प्रांत की सह संयोजिका डा. आभा मधुर ने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी लोग सक्रियता बढ़ाएं। जन-जन तक सरकार के कार्य पहुंचाएं। भाजपा शासन के राष्ट्रवाद के सिद्धांत को लोगों तक पहुंचाएं। उस राष्ट्रवाद को और आगे बढ़ाना होगा।

पीएम मोदी व सीएम योगी के कार्यों को आमजन तक ले जाएं : तीर्थराज

सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक तीर्थराज पांडेय बच्चा भैया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी द्वारा कराए गए कार्यों को अपने प्रकोष्ठ के माध्यम से आमजन तक ले जाएंगे। गंगा पार के संयोजक विकास इलाहाबादी, सह संयोजक घनश्याम शाश्वत, विकास मिश्रा को माला पहनाकर स्वागत किया गया। उक्त अवसर पर वरिष्ठ गीतकार शैलेंद्र मधुर महानगर सह संयोजक योगेश झमाझम, रमाशंकर पांडे, अरुण यादव आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वंदेमातरम से हुआ।

chat bot
आपका साथी