यूपी परिषदीय स्‍कूल के विद्यार्थियों की समझ बढ़ाएगी मासिक पत्रिका, SCERT करेगा प्रकाशन

प्रयागराज के बेसिक शिक्षाधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी की ओर से सभी खंड शिक्षाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा गया है। इसमें यह कहा गया है कि वर्ष 2021-22 में मासिक पत्रिका का प्रकाशन किया जाना प्रस्तावित है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) पत्रिका का प्रकाशन करेगी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 04:00 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 04:00 PM (IST)
यूपी परिषदीय स्‍कूल के विद्यार्थियों की समझ बढ़ाएगी मासिक पत्रिका, SCERT करेगा प्रकाशन
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से बच्‍चों के ज्ञानवर्द्धन को मासिक पत्रिका का प्रकाशन किया जाएगा।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। उत्‍तर प्रदेश के परिषदीय स्‍कूलों के विद्यार्थियों के अध्‍ययन को लेकर सरकार संकल्पित है। उनके ज्ञान के संवर्द्धन के लिए समय-समय पर प्रयास किया जाता है। अब विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से मासिक पत्रिका का प्रकाशन करने की तैयारी है। इसके लिए शिक्षकों से पाठ्य सामग्री मांगी गई है। यह पाठ्य सामग्री विषयवार होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों की बच्चों में समझ बढ़ाने वाली सामग्री को शामिल किया जाएगा।

प्रयागराज के बीएसए ने भेजा पत्र, दिया निर्देश

प्रयागराज के बेसिक शिक्षाधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी की ओर से सभी खंड शिक्षाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा गया है। इसमें यह कहा गया है कि वर्ष 2021-22 में मासिक पत्रिका का प्रकाशन किया जाना प्रस्तावित है। उक्त मासिक पत्रिका में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर के कक्षावार पाठ्यक्रम पर आधारित छात्रों की अधिगम सम्प्राप्ति को ध्यान में रखते हुए सामग्री का प्रकाशन किया जाएगा। इस पत्रिका के प्रकाशन का उद्देश्य छात्रों का क्षमता संवर्धन, मनोरंजन एवं कौशल विकास करना है। हर महीने की 10 तारीख तक यह पाठ्य सामग्री अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा देनी होगी।

बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री होगी शामिल

बीएसए की ओर से लिखे पत्र में कहा गया है कि पत्रिका में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला, संस्कृत तथा वैदिक गणित से संबंधित प्रश्न व पाठ्य सामग्री शामिल होगी। अपठित गद्यांश चित्र सहित हिंदी तथा अंग्रेजी प्रकाशित किए जाएंगे। बच्चों द्वारा सृजित एवं बच्चों के लिए रचित कहानियां, कविताएं, प्रयोग विधि, साक्षात्कार तथा चित्र आदि भी इस पत्रिका के विषयवस्तु बन सकते हैं। इसके अतिरिक्त पहेली, प्रश्न बूझो तो जाने, रास्ता ढूंढो, चित्र में अंतर बताओ जैसे कालम भी शामिल किए जाएंगे।

सामग्री भेजने संबंधी ये शर्तें हैं

पत्रिका में एससीईआरटी लखनऊ में सामग्री भेजने के लिए कुछ नियम तय किए गए हैं। यह सामग्री ज्ञानवर्धक, मनोरांजक होनी चाहिए। रचनाएं स्वरचित हों। प्रश्न हाई आर्डर थिंकिंग वाले तथा विषय की समझ का आकलन करने वाले होने चाहिए। जो सामग्री भेजी जाए उसे कृति देव 010 फांट व अंग्रेजी की सामग्री टाइम्स न्यू रोमन फांट 12 में होनी जरूरी है। जो विषय सामग्री भेजी जाए उसे माइक्रोसाफ्ट वर्ड के साथ पीडीएम में भी देना होगा। कोई भी लेखक अपनी रचना तीन महीने में सिर्फ एक बार देंगे। यह नियम इसलिए कि अधिक से अधिक बच्चों व शिक्षकों को अवसर मिल सके। हर महीने दस तारीख तक यह पाठ्य सामग्री जरूर मिल जानी चाहिए।

chat bot
आपका साथी