Karwa Chauth 2021: अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला रहीं सुहागिनें, चंद्रमा का पूजन कर मांगी पति की चिरायु

करवा चौथ पर अबकी त्रिग्रहीय योग रोहिणी नक्षत्र का संयोग होने से व्रती महिलाओं में उत्साह अधिक रहा। सुहागिनें शाम को मेहंदी रचे हाथों में लाल चूड़ी मांग में सिंदूर लाल साड़ी आभूषण धारण करके सोलह श्रृंगार करके मां गौरी भगवान शंकर गणेश व कार्तिकेय का पूजन किया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:46 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:46 PM (IST)
Karwa Chauth 2021: अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला रहीं सुहागिनें, चंद्रमा का पूजन कर मांगी पति की चिरायु
-करवा चौथ पर चंद्रमा का पूजन करके मांगी पति की चिरायु और ली सेल्फी

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। त्याग, समर्पण, संस्कार का प्रतीक करवा चौथ पर्व पर उल्लास, उत्साह व उमंग का माहौल रहा। सुहागिन महिलाओं ने कार्तिक कृष्णपक्ष की चतुर्थी तिथि पर रविवार को निर्जला व्रत रखा। पति को चिरायु, पुत्र, पौत्र के साथ निश्चल लक्ष्मी (अधिक समय साथ रहने वाली) की प्राप्ति की कामना पूर्ति को यम-नियम से पूजन किया। व्रती महिलाएं भोर से सुविधा के अनुसार संगम, गंगा व यमुना घाट पहुंचने लगीं। सूर्योदय के बाद स्नानार्थियों की संख्या हजारों में पहुंच गई। स्नान-दान के साथ घाट पर पूजन करके करवा चौथ का व्रत निर्विघ्न पूर्ण होने व अखंड सौभाग्य की कामना पूर्ति की प्रार्थना की। घर आकर दिनभर भजन-कीर्तन में लीन रहीं। दोपहर बाद परिवार के सदस्यों के साथ पकवान बनाने व पूजन की तैयारी में जट गईं। चंद्रोदय होने पर पूजन आरंभ किया।

सोलह श्रृंगार कर मां गौरी, भगवान शंकर, गणेश व कार्तिकेय का पूजन

करवा चौथ पर अबकी त्रिग्रहीय योग, रोहिणी नक्षत्र का संयोग होने से व्रती महिलाओं में उत्साह अधिक रहा। सुहागिनें शाम को मेहंदी रचे हाथों में लाल चूड़ी, मांग में सिंदूर, लाल साड़ी, आभूषण धारण करके सोलह श्रृंगार करके मां गौरी, भगवान शंकर, गणेश व कार्तिकेय का पूजन किया। पुष्प, फल, अक्षत, मिष्ठान, रोली अर्पित करके करवा चौथ की कथा कही व सुनी। करवा चौथ पर मां ललिता देवी, अलोपशंकरी, सावित्री मां मंदिर सहित घरों में महिलाओं ने सामूहिक कथा का पाठ किया। पूजा पूर्ण होने पर चंद्रमा को अघ्र्य देकर चलनी से देखा फिर उसी से पति को देखकर आशीर्वाद लिया। सास को एक लोटा, वस्त्र व विशेष करवा देकर चरण स्पर्श किया। घर के बड़ों का चरण स्पर्श करके आशीर्वाद प्राप्त किया।

वीडियो काल कर देखा चेहरा

करवा चौथ में व्रती महिलाओं को चलनी से चांद व पति को देखकर व्रत खत्म करने की परंपरा है, लेकिन कई महिलाओं के पति दूसरे शहर में थे। उन्होंने वीडियो काल करके पति का चेहरा देखकर पूजन करके जल ग्र्रहण किया।

देर तक चला सेल्फी लेने का दौर

व्रती महिलाओं ने पूजन के दौरान एक-दूसरे के साथ सेल्फी लिया। पूजन बाद पति व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सेल्फी ली। इससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

पंजाबी महिलाओं ने की सामूहिक पूजा

सेवा सृजन संस्कार पंजाबी एसोसिएशन व भारत विकास परिषद तेजस्वनी ने करवा चौथ पूजा आयोजित की। मीरापुर में मीना अरोरा, सोनाली, धर्मेंद्र, अशोक खुराना के संयोजन में महिलाओं ने उत्साह के साथ विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान मनीष, ज्योति, सुमन, मनप्रीत, एकता, ऋतु, सविता, निहारिका सेठ, संगीता मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी