Murder in Kaushambi: बाग की रखवाली कर रहे शख्स की चाकू से गोदकर हत्या, पत्नी भी है जख्मी

बुधवार रात भी वह पत्नी मीना के साथ बाग में ही सोया था। आधी रात बाद उन दोनों पर घातक हमला किया गया। चाकुओं से दोनों का शरीर गोद दिया गया। खून से लथपथ मीना ने बाग से निकलकर पेट्रोल पंप पर जाकर कर्मचारियों को घटना के बारे में बताया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 12:25 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 01:37 PM (IST)
Murder in Kaushambi: बाग की रखवाली कर रहे शख्स की चाकू से गोदकर हत्या, पत्नी भी है जख्मी
परिवार तथा गांव के लोगों से बातचीत कर कातिलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। पड़ोसी जनपद कौशांबी के कोखराज इलाके में रात में रखवाली करने के लिए बगीचे में सो रहे 43 साल के बृजलाल सोनकर की चाकुओं से गला गोदकर हत्या कर दी गई। उसकी पत्नी पर भी हमला किया गया। उसक हालत गंभीर बनी है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कातिल कौन है, दंपती पर क्यों हमला किया, यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि परिवार तथा गांव के लोगों से बातचीत कर कातिलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

घायल पत्नी ने पेट्रोल पंप पर पहुंच तो पता चला घटना का

कोखराज इलाके में ककोढ़ा गांव निवासी बृजलाल सोनकर पुत्र जबरलाल का आम का बगीचा कुछ दूर पर हाइवे स्थित जेनम पेट्रोल पंप के पीछे है। वह बाग की रखवाली के लिए अक्सर रात में वहीं सोता था। बुधवार रात भी वह पत्नी मीना के साथ बाग में ही सोया था। आधी रात बाद उन दोनों पर घातक हमला किया गया। चाकुओं से दोनों का शरीर गोद दिया गया। खून से लथपथ मीना ने ही बाग से निकलकर पेट्रोल पंप पर जाकर कर्मचारियों को घटना के बारे में बताया। महिला को हमलावरों ने घायल करने के बाद खेत में फेंक दिया था। कर्मचारियों ने पुलिस एवं परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद वहां आकर परिवार के लोग और पुलिस कर्मचारी घायल को जिला अस्पताल ले गए। उसका भरवारी कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बागवान की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।

घर पर ही मिले दोनों आरोपित

खबर मिली तो एसपी कौशांबी राधेश्याम और सिराथू सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण भी कोखराज पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा परिजनों एवं पेट्रोल पंप कर्मियों से घटना के बारे में पूछताछ किया। पुलिस ने बागवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी राधेश्याम ने बताया कि घायल मीना ने गांव के ही दो लोगों का नाम लिया है। वे दोनों घर पर ही मिल गए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में मामला अभी कुछ संदिग्ध लग रहा है। महिला ने जिन्हें कातिल बताया वे दोनों घर पर ही मिल गए हैं। परिवार के लोगों से भी इस बारे में बात की जा रही है।

chat bot
आपका साथी