अगवा कर गोली मारने वाले सीसीटीवी में कैद, पुलिस कर रही तलाश

अपोलो फार्मेसी के कर्मचारी को अगवा करने के बाद गोली मारकर हत्‍या कर दी गई थी। वारदात में शामिल चार आरोपितों का चेहरा सीसीटीवी में कैद है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 20 Jan 2019 01:54 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jan 2019 01:54 PM (IST)
अगवा कर गोली मारने वाले सीसीटीवी में कैद, पुलिस कर रही तलाश
अगवा कर गोली मारने वाले सीसीटीवी में कैद, पुलिस कर रही तलाश

प्रयागराज : अपोलो फार्मेसी के कर्मचारी मनोज सिंह को अगवा कर गोली मारने के आरोपितों का क्लू मिल गया है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि घटना में करीब चार से पांच युवक शामिल थे। अब उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। उधर, अस्पताल में भर्ती मनोज को होश आ गया है। हालत और सुधरने पर पुलिस पीडि़त से पूछताछ करेगी, ताकि घटना का सही कारण पता चल सके।

क्या था मामला

मनोज पुत्र छविनाथ मूलरूप से गाजीपुर जिले के बुढ़ानीपुर थाना क्षेत्र स्थित भुरकुड़ा गांव का है। यहां करेलाबाग मुहल्ले में पत्नी कुसुम व बड़े भाई तारकेश्वर के साथ किराए पर रहता है। वह सिविल लाइंस स्थित अपोलो फार्मेसी में काम करता है। शुक्रवार रात एक लड़की को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने मनोज को बाइक समेत अगवा कर लिया था। इसके बाद रास्ते में दो गोली मारकर फरार हो गए थे। मनोज की बाइक सिविल लाइंस बस अड्डे के पास मिली थी, लेकिन गोली मारने वालों का पता नहीं चल सका था।

कहते हैं इंस्पेक्टर सिविल लाइंस

इंस्पेक्टर सिविल लाइंस शिवमंगल सिंह का कहना है कि कुसुम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों की तलाश चल रही है। जांच में यह भी पता चला है कि मॉडल शॉप में शराब पीने के दौरान भी कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। लड़की ने छेड़खानी की बात कही है। ऐसे में अभी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

धूमनगंज हत्याकांड में नहीं मिला सुराग

धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय इलाके में मारकर फेंके गए युवक के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने एक बार फिर घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई कुछ नहीं बता सका। इंस्पेक्टर धूमनगंज संदीप मिश्र का कहना है कि युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद कारण व कातिलों का पता चल सकेगा।

chat bot
आपका साथी