पूरब की हवा का जोर : बारिश से छूटा साथ तो ठंड ने किया परेशान

मौसम का मिजाज इन दिनों समझ से परे है। अभी दो दिन बारिश हुई। बारिश रुकी तो गलन भरी ठंड का वर्चस्‍व वातावरण में कायम हो गया। यह मौसम लोगों को परेशान कर रहा है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 17 Feb 2019 05:38 PM (IST) Updated:Sun, 17 Feb 2019 05:38 PM (IST)
पूरब की हवा का जोर : बारिश से छूटा साथ तो ठंड ने किया परेशान
पूरब की हवा का जोर : बारिश से छूटा साथ तो ठंड ने किया परेशान

प्रयागराज : अजब और गजब शब्द इन दिनों मौसम के साथ बखूबी फिट होता नजर आ रहा है। मौसम ने फिर करवट बदली है। पिछले दिनों की बारिश से तो राहत मिली लेकिन  अब ठंड बढ़ गई है। शनिवार के बाद रविवार को भी दोपहर में धूप  निकली पर तेज हवा के असर से गर्म कपड़े शरीर से नहीं उतरे। रात गहराने के साथ गलन का भी एहसास हुआ। वहीं सुबह के समय भोर में कोहरे का भी असर रहा।

 पछुआ विक्षोभ के कारण बीते गुरुवार को मौसम अचानक बदला। दो दिन तक आसमान में घने बादलों के छाए रहने के साथ बारिश भी हुई। हालांकि बादलों की मौजूदगी के कारण ठंड के तेवर ढीले ही रहे। भोर में घना कोहरा छा गया। हवा भी बदली नजर आई। पूरब की तेज हवा चल रही थी। रविवार को आसमान में बादल तो थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं रविवार को बादल और सूर्य की किरणों में लुकाछिपी भी चलती रही। सूर्य की किरणों ने राहत दी लेकिन ठंडी हवा ने शरीर से कपड़े नहीं उतरने दिया। शाम होते ही ठंड बढ़ गई। रात में गलन का एहसास रहा। कई जगह लोगों ने अलाव का सहारा भी लिया।

तापमान में गिरावट

मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था जो शनिवार को घटकर 23 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को रात का तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस था जो शनिवार को घटकर 14 डिग्री हो गया।

क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी

मौसम विज्ञानी डॉ. एसएस ओझा का कहना है कि इस समय पूरब से तेज नम हवाएं और पश्चिम से बर्फीली हवा चल रही हैं। सूर्य दक्षिणायण हो रहा है। हालांकि सूर्य दोनों हवाओं को खत्म करने में जुटा है।

chat bot
आपका साथी