UP कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के रिश्तेदार के घर की बदमाशों ने की थी रेकी, लूट की नीय‍त से बोला था धावा

मसलन बदमाशों को यह पता था कि घर में दो ही लोग रहते हैं और वे बुजुर्ग हैं। हालांकि नौकरानी के बारे में उनको कुछ पता नहीं चल सका। यहीं बदमाश फेल हो गए और अपने मकसद में सफल नहीं सके।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 07:48 AM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 07:56 AM (IST)
UP कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के रिश्तेदार के घर की बदमाशों ने की थी रेकी, लूट की नीय‍त से बोला था धावा
प्रदेश के कैबिनेट के चचेरे मामा के घर लूट की नीयत से घुसने वाले बदमाश शातिर थे।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर में जार्जटाउन थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन इलाके में रहने वाले प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के चचेरे मामा के घर बुधवार की रात बदमाशों ने धावा बोल दिया था। इसके पहले बदमाशों ने बकायदा इसकी रेकी की थी। पूरा घटनाक्रम इसी ओर इशारा करता है।

मसलन बदमाशों को यह पता था कि घर में दो ही लोग रहते हैं और वे बुजुर्ग हैं। हालांकि, नौकरानी के बारे में उनको कुछ पता नहीं चल सका। क्योंकि नौकरानी सिर्फ सुबह और रात को यहां खाना बनाने आती थी और थोड़ी देर बाद चली जाती थी। यहीं बदमाश फेल हो गए और अपने मकसद में सफल नहीं सके।

नौकरानी ने समझदारी के साथ दिखाई बहादुरी

मंत्री के चचेरे मामा के घर में काम करने वाली नौकरानी क्षेत्र की रहने वाली है। जब वह वहां पहुंची तो गेट के बगल दो बाइक खड़ी थी लेकिन वहां कोई नहीं था लेकिन गेट भी खुला था। इस पर उसे कुछ संदेह हुआ। क्योंकि अगर कोई जान पहचान वाला होता तो गेट जरूर बंद करता। इसके बाद वह दबे पांव बिना आवाज दिए घर में दाखिल हो गई। जैसे ही कमरे के दरवाजे के पास पहुंची सामने चार बदमाश बुजुर्ग भाई-बहन को घेरकर खड़े थे। उनको रस्सी से बांधे हुए थे। बदमाशों के हाथ में तमंचा था। यह देखकर वह सारा माजरा समझ गई। इसी बीच एक बदमाश की नजर उस पर पड़ी और वह उसकी तरफ दौड़ा, जिस पर नौकरानी मदद की आवाज लगाते बाहर भागी। बदमाश ने उसे मारने के लिए छूरा निकाल लिया, लेकिन तब तक वह घर से बाहर निकल आई थी। घबराए बदमाश आनन फानन में बाइक स्टार्ट कर भाग निकले।

कैसे हुई थी घटना

टैगोर टाउन में रहने वाले गोपीकृष्ण राय कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व महापौर जितेंद्र नाथ सिंह के चचेरे मामा हैं। उनके साथ उनकी बुजुर्ग बहन मीना प्रसाद भी रहती हैं। बुधवार रात करीब 8:15 बजे उनके घर में चार बदमाश घुस गए थे। उनको और उनकी बहन को तमंचा सटाते हुए रस्सी से बांध दिया था। आलमारी की चाबी मांग रहे थे और इसी बीच नौकरानी पहुंच गई थी।

chat bot
आपका साथी