कानून की पढ़ाई के बाद करने लगा अपराध, वकील को चोरी की 11 बाइक संग Prayagraj पुलिस ने किया गिरफ्तार

शहर के बाजार और भीड़भाड़ इलाके से बाइक चोरी करने के आरोप में पुलिस ने हाईकोर्ट के वकील शुभम सिंह और उसके साथी सत्यम पांडेय को गिरफ्तार किया है। दोनों से चोरी की 11 बाइक बरामद हुई। दोनों अभियुक्त मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 31 Jan 2021 08:32 PM (IST) Updated:Sun, 31 Jan 2021 08:32 PM (IST)
कानून की पढ़ाई के बाद करने लगा अपराध, वकील को चोरी की 11 बाइक संग Prayagraj पुलिस ने किया गिरफ्तार
हाईकोर्ट के वकील शुभम सिंह और उसके साथी सत्यम पांडेय को गिरफ्तार किया है।

प्रयागराज, जेएनएन।  शहर के बाजार और भीड़भाड़ इलाके से बाइक चोरी करने के आरोप में पुलिस ने हाईकोर्ट के वकील शुभम सिंह और उसके साथी सत्यम पांडेय को गिरफ्तार किया है। दोनों से चोरी की 11 बाइक बरामद हुई। दोनों अभियुक्त मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र स्थित हथेड़ा व रतेह चौराहा के रहने वाले हैं।


इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद हॉस्टल में रखता था गाड़ियां  

पुलिस लाइन सभागार में रविवार शाम आरोपितों को मीडिया के सामने पेश किया गया। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि कंपनी बाग, कटरा, हाईकोर्ट के आसपास समेत दूसरे स्थान से बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसकी रोकथाम के लिए एसओजी प्रभारी संजय सिंह और एसआइ शैलेष सिंह की टीम को लगाया गया था। रविवार सुबह सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल नितेश मिश्रा, रवींद्र सिंह, मनीष सिंह और थानाध्यक्ष करेली बृजेश सिंह के साथ दामूपुर बिसौना रोड से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उस वक्त बाइक बेचने के लिए वहां शुभम व सत्यम पहुंचे थे। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर 11 बाइक बरामद हुई।

हाईकोर्ट में प्रैक्टिस छोड़ करने लगा वाहन चोरी

एसपी क्राइम ने यह भी बताया कि शुभम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की और फिर राजापुर निवासी एक अधिवक्ता के साथ रहकर हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने लगा था। इसी  दौरान गलत संगत होने के कारण उसने वाहनों की चोरी शुरू की। सबसे पहले अपने दोस्त के बाइक की चाबी चुराकर उसकी डुप्लीटेक चाबी बनवाया था। तीन साल तक हॉस्टल में रहने के कारण वह चोरी की बाइक को ताराचंद हॉस्टल में छिपाता था। इसके बाद नैनी तक पहुंचाता था। फिर सत्यम ग्रामीण इलाके में चोरी की बाइक बेचकर पैसा लाता था, जिसको बराबर बांट लेते थे। सत्यम मीरजापुर से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। 

chat bot
आपका साथी