Health News: सफेद दाग है तो घबराएं नहीं आप, अब यह नहीं रही लाइलाज बीमारी

मेडिकल स्टोर से दवा लेकर उसे लगाने या खाने से आराम कुछ समय के लिए तो मिल सकता है लेकिन समस्या की जड़ बनी रहेगी। और अगर सफेद दाग हो रहे हैं तो भी यह बड़ी समस्या नहीं। शर्त यह है कि डाक्टर के पास जाने से परहेज न करें

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 02:45 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 02:45 PM (IST)
Health News: सफेद दाग है तो घबराएं नहीं आप, अब यह नहीं रही लाइलाज बीमारी
त्वचा में दाने फुंसी फोड़े निकलना, पसीने से दाद होना आम समस्या है।

प्रयागराज, जेएनएन। अब भी गर्मी का मौसम बना है। आपकी त्वचा में दाने फुंसी फोड़े निकलना, पसीने से दाद होना आम समस्या है। घबराएं नहीं और परेशान बिल्कुल न हों। त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास जाकर अपनी समस्या बताएं। मेडिकल स्टोर से दवा लेकर उसे लगाने या खाने से आराम कुछ समय के लिए तो मिल सकता है लेकिन समस्या की जड़ बनी रहेगी। और अगर सफेद दाग हो रहे हैं तो भी यह बड़ी समस्या नहीं। शर्त यह है कि डाक्टर के पास जाने से परहेज न करें। कुछ यही बताया रविवार को दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम हेलो डाक्टर में मशहूर त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. केजी सिंह ने। जानिए उनसे हुए पाठकों के सवाल और मिले जवाब के प्रमुख अंश।

सवाल : त्वचा में खुजली होती रहती है। महीनों से यह समस्या है। गर्मी भी ज्यादा लगती है। रामराज, झूंसी

जवाब : गर्मी का मौसम है तो जाहिर है गर्मी तो लगेगी। लेकिन त्वचा में अक्सर खुजली होना एक समस्या है। अस्पताल आकर दिखाएं।

सवाल : पत्नी को त्वचा में जगह-जगह चकत्ते निकल रहे हैं। खुजली होती है। दवा कराने से ज्यादा आराम नहीं दिख रहा है।

विवेक पांडेय, सैदाबाद

जवाब : ऐसा किसी न किसी चीज से एलर्जी से होता है। यह शरीर का रक्षात्मक व्यवहार है। जिसे एलर्जी हो रही है वही महसूस कर सकता है कि एलर्जी किस चीज से हो रही है। फिलहाल पत्नी को किसी योग्य त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाकर दवा ले लें।

सवाल : सिर की त्वचा और शरीर के अन्य हिस्सों में पहले दाने निकलते हैं, फिर दाने ठीक होने पर वहां के बाल झड़ जाते हैं। बाल वापस निकलते नहीं। क्या करें।

रीतेश, सोरांव

जवाब : यह आटो इम्यून डिसीज है। इसके उपचार के लिए इंजेक्शन आते हैं कई दवाएं भी हैं। अस्पताल आइए, बीमारी को अच्छी तरह समझ कर उचित दवा दी जाएगी। ठीक हो जाएगा परेशान न हों। 

सवाल : दाद की समस्या दो साल से है और यह बढ़ रही है। क्रीम लगाने से कुछ घंटे के लिए आराम मिल जाता है फिर समस्या हो जाती है। नीतेश कुमार

जवाब : दाद खाज में साधारण दवाएं कुछ देर आराम देती जरूर हैं लेकिन असलियत में देखें तो इससे मर्ज बढ़ जाता है। जरूरी है कि जहां दाद की समस्या है शरीर के उस हिस्से को सूखा रखें। किसी एक्सपर्ट डाक्टर को दिखाएं और नियमित इलाज कराएं।

सवाल : शरीर में लाल चकत्ते निकलते हैं। रात में उनमें खुजली होती है दिन में ठीक हो जाता है। ऐसा क्यों। अयोध्या प्रसाद, कटघर

जवाब : यह एलर्जी से होता है। आपको किसी चीज से एलर्जी हो सकती है लेकिन खुद ही पहचानना होगा कि एलर्जी किससे है। फिलहाल अस्पताल आइए, देखकर उचित दवा दी जाएगी। 

सवाल : 40 साल की उम्र के आसपास बाल झड़ते हैं तो क्या उचित इलाज से दोबारा निकल भी सकते हैं।

अनुराग यादव, नार्थ मलाका

जवाब : बाल झड़ने के चार अहम कारण होते हैं। आनुवंशिक, हार्मोनल, पौष्टिक खानपान में कमी या अधिक मानसिक तनाव। देखा जाता है कि इसमें किस कारण से सिर के बाल झड़ रहे हैं। उसी अनुसार दवाएं हैं। बाल वापस आ भी सकते हैं लेकिन पहले समझना होगा कि बाल झड़ने का कारण क्या है। 

सवाल : हाथ में सफेद दाग हो गए हैं। पांच-छह साल से यह समस्या है। खुजली भी होने लगी है। क्या करें।

विपुल तिवारी, झूंसी

जवाब : इसकी दवा कराइए। नियमित दवा से सफेद दाग ठीक हो जाता है। यदि दवा के पूरे कोर्स से भी आराम न मिले तो आपरेशन करा लीजिए। ठीक हो जाएगा, परेशान न हों। अब इसका इलाज आसान है।

सवाल : मेरी बेटी के चेहरे की त्वचा में सफेद रंग के दाग हो गए हैं। दवा कराई है लेकिन दाग ठीक नहीं हो रहे हैं। क्या करें।

रामराज पटेल, काली दूल्हेपुर

जवाब : सफेद दाग है तो परेशान न हों। अब यह लाइलाज बीमारी नहीं है। पहले इसकी दवा चलती है। उससे भी ठीक न हो तो आपरेशन करके दाग की समस्या खत्म कर दी जाती है। बेटी को लेकर अस्पताल आइए, उसका इलाज होगा।

 सवाल : शरीर में शाम होते ही खुजली शुरू हो जाती है। सुबह होने पर और दिन भर ठीक रहते हैं। समझ नहीं आ रहा ऐसा क्यों हो रहा है।

पवन यादव, इफको फूलपुर

जवाब : देखिए, आपके बेडरूम में कोई ऐसी चीज होगी जैसे गुलदस्ता, स्टार्च की हुई चादर, कोई किताब जिसे आप रात में पढ़ते होंगे या जिस कुर्सी और सोफे पर आप बैठते होंगे। हो सकता है आपके आसपास कोई प्लांट हो जिसके करीब जाते ही आपको खुजली होती है। यह आपको ही महसूस करना होगा। इसकी पहचान करने के बाद अस्पताल आइए।

सवाल : छाती के बीच में फुड़िया हो रही है। वह टाइट हो गई है। क्या करें।

वीके मिश्रा, रामनगर मेजा

जवाब : इसे हाइपर ट्रैफिक स्काटिंग कहते हैं। इस प्रकार की फुड़िया में मशीन से दवाएं डालकर इलाज होता है। अस्पताल आकर दिखाएं, उचित इलाज हो जाएगा।

सवाल : चेहरे पर फंगस हो रहे हैं। क्या करें।

छोटेलाल शर्मा, भीरपुर करछना

जवाब : ऐसा कभी-कभी इलाज कराने में ब्रेक करने से होता है। इलाज अधकचरा न कराएं।

सवाल : मेरी उम्र 17 साल है। पीठ में दाने हैं। छह-सात महीने हो गए हैं। क्या करें।

बबिता यादव, छोटा बघाड़ा

जवाब : आप युवा हैं। युवावस्था में करीब 30 साल तक दाने और चेहरे पर चकत्ते निकलते हैं। यह बीमारी हार्मोनल होती है। नियमित इलाज कराने से यह ठीक हो जाता है। चिंता न करें।

सवाल : मेरी अंगुली में पहले दाने निकलते हैं फिर वहां काला पड़ जाता है।

बबिता केसरवानी, कौड़िहार

जवाब : कई बार किसी दवा के रीएक्शन से ऐसा होता है। आप याद करिए 20-25 दिन पहले कौन सी दवा खाई थी। किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास जाकर दिखाइए। ठीक हो जाएगा परेशान न हों।

सवाल : त्वचा में दाने निकलते हैं। फिर उसमें खुजली होती है। क्या करें।

हेमंत कुमार, लालगोपाल गंज

जवाब : मसाले, दवाएं, धूल, पौधे से एलर्जी हो सकती है। अस्पताल आइए उसका इलाज होगा। 

इन्होंने भी पूछे सवाल

राकेश कुमार पीली कोठी कीडगंज, नरेश चंद्र निषाद झूंसी, राकेश अतरसुइया, वैभव अग्रहरि दहियावां, लालजी यादव चौफटका, रत्नेश त्रिपाठी नैनी

 गर्मी में पहनें ढीले कपड़े

गर्मी के दिनों में पसीना हर किसी को निकलता है। पसीना अगर सूख नहीं पाता और त्वचा में गंदगी जमी होती है तो वहां खुजली होती है। दाने निकल आते हैं और दाद इसी से हो जाता है। कोशिश करें कि गर्मी में ढीले ढाले कपड़े पहनें।

नहाने के बाद शरीर सुखाएं और पाउडर लगाएं

नहाने के बाद शरीर को ठीक तरह से सुखाएं। तालिए से पूरा शरीर पोछें। फिर त्वचा पर हो सके तो टेलकम पाउडर लगाकर कपड़े पहनें। इससे काफी आराम रहेगा। अगर कहीं जा रहे हैं और रास्ते में शरीर में पसीन निकले तो कहीं रुककर पसीना सुखा लें। इससे दाने नहीं निकलेंगे।

chat bot
आपका साथी