दोस्तों ने की चोरी, अपनी गिरफ्तारी के डर से कौशांबी के युवक ने कर ली आत्महत्या

सोनू के दोस्तों ने कुछ दिन पहले बकरी चोरी की थी। इसी वजह से ग्रामीणों ने घेरा था। गिरफ्तारी के डर से सोनू ने रात में जहर निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रात करीब एक बजे उसकी सांस थम गई।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 03:16 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 03:16 PM (IST)
दोस्तों ने की चोरी, अपनी गिरफ्तारी के डर से कौशांबी के युवक ने कर ली आत्महत्या
बकरी चोरी में गाड़ी छोड़ कर भागा था युवक, पिपरी के असरावे खुर्द गांव की घटना

प्रयागराज, जेएनएन। गलत संगत की वजह से तमाम लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ता है। पता चला कि अपराध साथी ने किया लेकिन सजा आपको भी झेलनी पड़ गई। कई बार ऐसा हो चुका कि बेकसूर होने के बाद भी दोस्त के अपराध में साथी को भी गिरफ्तारी और जेल झेलनी पड़ी। ताजा मामला तो और भी दुखद है। कौशांबी के पिपरी इलाके में एक युवक के साथियों ने बकरी चुरा ली। उस वक्त साथ मौजूद रहे युवक को बचकर भागना पड़ा मगर पुलिस खोजने लगी। गिरफ्तारी के डर से युवक ने जहर खाकर जान दे दी। संगत का नतीजा यह कि युवक की मौत से अब दो बच्चों समेत उसकी पत्नी बेसहारा हो गई है। उसका विलाप और आंसू थम नहीं रहे हैं।

बुधवार दोपहर घेरा लोगों ने तो बाइक छोडकर भागा

घटनाक्रम कुछ यूं है। पिपरी के असरावे खुर्द गांव निवासी 26 साल के सोनू के पिता गणेश का दस वर्ष पहले बीमारी की वजह से निधन हो चुका है। फिर उसकी मां भी जाने कहां चली गई। युवक पत्नी और समेत दो बच्चों के साथ रहता था। सोनू मजदूरी कर पत्नी-बच्चों के साथ गुजारा कर रहा था। इसी बीच उसकी संगत कुछ ऐसे युवकों के साथ हो गई जिनकी गतिविधियां ठीक नहीं थीं। इन्हीं साथियों के साथ वह बुधवार को भी घर से निकला था। पिपरी के एक गांव में वह बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों से घिर गया। उसे अपनी बाइक छोड़कर वहां से भागना पड़ा। पिपरी पुलिस ने उसकी बाइक कब्जे में ली। बाइक से सोनू का नाम-पता चलाकर उसकी तलाश पुलिस ने शुरू की।

घर में निगला जहर, अस्पताल में मौत

पता चला कि सोनू के दोस्तों ने कुछ दिन पहले बकरी चोरी की थी। इसी वजह से ग्रामीणों ने घेरा था। खुद भी गिरफ्तारी और जेल भेजने के डर से सोनू ने रात में जहर निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रात करीब एक बजे उसकी सांस थम गई। उसकी मौत ने पत्नी को सदमे में डाल दिया। वह रोती-कलपती रही। बच्चों को सीने से लगाकर रोती पत्नी को गांव की महिलाएं संभालने का प्रयास करती रहीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

chat bot
आपका साथी