Coronavirus : 113 सैंपलों की जांच में चार मरीज कोराेना वायरस से संक्रमित मिले Prayagraj News
पत्नी को कमजोरी महसूस हुई तो उसे 26 मई को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं पत्नी के साथ पति की भी सैंपलिंग कराई गई। जांच में दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
प्रयागराज,जेएनएन। जनपद में कोरोना के चार नए पॉजिटिव मामले आए हैं। यह चारों पिछले सप्ताह मुंबई से लौटकर आए थे। इसमें पति-पत्नी के अलावा एक 60 साल के वृद्ध भी शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज की लैब में बुधवार को जनपद के कुल 113 सैंपलों की जांच की गई। इसमें 109 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
करछना के युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव, बेटे का लिया गया सैंपल
पहला मरीज करछना का है और मुंबई में रहता था। वह अपने बेटे के साथ 21 मई को घर आया था। वह होम क्वारंटाइन में ही था। 22 मई को उसकी सैंपलिंग हुई थी। बुधवार को उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे कोटवा सीएचसी में भर्ती कराके उसके बेटे की भी सैंपलिंग कराई गई।
मेजा में मुंबई से लौटे पति - पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव
इसी तरह मेजा रोड स्थित जनवार गांव निवासी एक युवक अपनी पत्नी के साथ कार से 22 मई को अपने घर आया था। यह दोनों होम क्वारंटाइन में ही थे। पत्नी को कमजोरी महसूस हुई तो उसे 26 मई को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं पत्नी के साथ पति की भी सैंपलिंग कराई गई। जांच में दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ट्रेन से गांव लौटा युवक भी कोरोना वायरस से संक्रमित
तीसरा मरीज हंडिया के रसार गांव का रहने वाला है। वह 14 मई को ट्रेन से अपने गांव आया था। तभी से वह होम क्वारंटाइन में था। 25 को उसकी सैंपलिंग हुई। बुधवार को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि तीनों मरीजों को कोटवा सीएचसी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 79 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। जिसमें मौजूदा समय में 38 एक्टिव केस हैं जिनका इलाज लेवल वन के कोविड अस्पताल कोटवा सीएचसी व लेवल थ्री के कोविड अस्पताल एसआरएन में चल रहा है।