पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रयागराज में बोले- भाजपा ने हमेशा नफरत फैलाने का काम किया
भाजपा ने हमेशा देश में नफरत फैलाने का काम किया है। झूठ बोला जा रहा है। किसानों युवाओं के लिए कुछ नहीं किया। बस उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के लिए ही यह सरकार काम कर रही है। आज प्रदेश की जनता सपा सरकार को याद कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को पूर्व सांसद सलीम शेरवानी के सरोजनी नायडू मार्ग स्थित आवास पर पहुंचे। यहां पूर्व सांसद समेत कई लोगों से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर तबका परेशान है।
2022 के चुनाव में सपा का परचम लहराएगा
भाजपा ने हमेशा देश में नफरत फैलाने का काम किया है। झूठ बोला जा रहा है। किसानों, युवाओं के लिए कुछ नहीं किया। बस उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के लिए ही यह सरकार काम कर रही है। आज प्रदेश की जनता सपा की सरकार को याद कर रही है और आगामी 2022 के चुनाव में सपा का परचम लहराएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार का अंतिम बजट आज पूरा हो गया है। यह पांचवां बजट था। अब उनके पास करने को कुछ नहीं है। हालांकि, जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से कोई नया काम नहीं हुआ। सिर्फ सपा सरकार में किए गए कार्यों का शिलान्यास ही किया गया है। डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इसे कम कर सकती है, लेकिन वह निजी कंपनी की बात कहकर अपना पलड़ा झाड़ रही है।
गंगा तो साफ नहीं हुई लेकिन इसके लिए आया बजट जरूर साफ हो गया
वहीं कृषि संबंधी तीन कानून बनाकर वह निजी हाथों में इसे सौंपने की तैयारी में है। ऐसे में किसान सड़क पर आ जाएगा। हर व्यक्ति को गेहूं, चावल महंगे दाम पर खरीदने पड़ेंगे। गंगा सफाई की बात करते हुए कहा कि गंगा साफ तो नहीं हुईं, लेकिन इसके लिए आया बजट जरूर साफ हो गया। उन्होंने साफ कहा कि सपा की सरकार बनने पर हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी। सपा सरकार में चालू की गईं जिन योजनाओं को भाजपा सरकार ने बंद किया है, उसे पुन: चालू किया जाएगा। इसके बाद वे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामपूजन पटेल के तेलियरगंज स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके स्वजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी। बोले कि स्व. रामपूजन पटेल के निधन से जो क्षति हुई है, वह उसे बयां नहीं कर सकते।