मां के दर्शन को बेकरार रहीं आंखें, जुबां से फूटे जयकारे

नवरात्र में हर ओर उल्लास है। हर कोई मां के दर्शन करना चाह रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 01:32 AM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 01:32 AM (IST)
मां के दर्शन को बेकरार रहीं आंखें, जुबां से फूटे जयकारे
मां के दर्शन को बेकरार रहीं आंखें, जुबां से फूटे जयकारे

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : अलौकिक व अविस्मरणीय पलों को संजोने वाली मां दुर्गा की पूजा का साक्षी बनने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्र की अष्टमी तिथि पर सिविल लाइंस, कटरा, जार्जटाउन, दारागंज, टैगोर टाउन, लूकरगंज, बाई का बाग, कटघर सहित हर पूजा पंडाल में मइया के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक की भीड़ देर रात तक जुटी रही। मां का दर्शन करके हर कोई सुखद अनुभूति कर रहा था। अष्टमी तिथि होने के कारण बुधवार की रात पूजा पंडालों में मां दुर्गा की संधि पूजा हुई। रात 11.25 से 12.13 बजे तक ओम की आकृति में 108 देशी घी के दीपक जलाकर 108 कमल के फूल अर्पित करके पूजन किया गया। मां को देशी घी की पूड़ी व हलवा का प्रसाद अर्पित हुआ। मान्यता है कि प्रभु श्रीराम ने रावण से युद्ध करने से पहले शक्ति प्राप्ति के लिए मां दुर्गा की संधि पूजा की थी। इसी कारण संधि पूजा का विशेष महत्व है।

'धुनुची नाच' आरती आकर्षण का केंद्र दुर्गा पूजा पंडालों में बुधवार की सुबह मइया को पुष्पांजलि अर्पित करके पूजन हुआ। उन्हें पुष्प, फल, मिष्ठान के साथ खिचड़ी, चचड़ी व खीर का भोग लगा। शाम को ढाकी के वादन के बीच मइया की उतारी गई 'धुनुची नाच' आरती आकर्षण का केंद्र रही। बंगाली महिलाएं लाल बार्डर की सफेद साड़ी व पुरुषों ने धोती-कुर्ता पहनकर ढाकी की थाप पर नृत्य करते आरती उतारी। न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने किया पूजन

प्रयागराज : कैंट में मां दुर्गा की भव्य पूजा आयोजित की जा रही है। पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने भी पंडाल जाकर मां का दर्शन करके पूजन किया। वहीं, जार्जटाउन बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष अमिताव राय, महामंत्री सुब्रतो सेन व कोषाध्यक्ष अरिदम घोष के संयोजन में मइया का विधि-विधान से पूजन करके आरती उतारी गई। पुराना दुर्गा पूजा पार्क में गोविदपुर बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से विधि-विधान से पूजन कराया गया। उपाध्यक्ष विनोद गुप्त ने मां की आरती उतारी। रामानंद नगर बीएचएस दुर्गा पूजा कमेटी शिवाजी पार्क अल्लापुर में परंपरा के अनुसार मइया का पूजन करके प्रसाद अर्पित किया गया। जीटीबी नगर सार्वजनिन दुर्गा पूजा करेली में मां दुर्गा की भव्य पूजा कराई जा रही है। नयानाभिराम पंडाल में मइया की दिव्य मूर्ति स्थापित है। मइया की मूर्ति बैलगाड़ी के स्वरूप मंच पर आसीन की गई है, जो हर किसी के आकर्षण का केंद्र है। प्रदीप कुमार दत्ता के संयोजन में बंगाली परंपरा के अनुसार मइया का पूजन कराया जा रहा है। कर्नलगंज बारवारी दुर्गा पूजा सोसायटी अध्यक्ष सुशांतो भट्टाचार्य सचिव आलोक राय, सलाहकार शकर चटर्जी के संयोजन में बंगाली परंपरा के अनुसार दुर्गा पूजा कराई जा रही है। आज किया जाएगा हवन

दुर्गा पूजा पंडालों में गुरुवार को महानवमी तिथि पर विशेष पूजा होगी। सुबह पुष्पांजलि अर्पित करके प्रसाद चढ़ाया जाएगा। दोपहर में हवन होगी, जबकि शाम को संध्या आरती होगी।

chat bot
आपका साथी