फाफामऊ कांड में आठ आरोपित गिरफ्तार, दो अभियुक्तों को पकड़ने पुलिस टीम मुंबई रवाना

गुरुवार शाम को ही पुलिस ने नामजद आरोपितों में आकाश सिंह बबलू अमित रवि रिंचू को पकड़ लिया था जबकि मनीष अभय और राजा को रात में गिरफ्तार किया गया। कुलदीप के बारे में पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है और चलने-फिरने में असमर्थ है।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 08:00 AM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 08:00 AM (IST)
फाफामऊ कांड में आठ आरोपित गिरफ्तार, दो अभियुक्तों को पकड़ने पुलिस टीम मुंबई रवाना
फाफामऊ हत्याकांड में पकड़े गए आरोपितों से अलग-अलग टीमें कर रहीं पूछताछ

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। फाफामऊ इलाके में पति-पत्नी और बेटे-बेटी की बेरहमी से हत्या के मामले में नामजद 11 आरोपितों में आठ लोगों को पुलिस टीमों ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। दो आरोपितों के बारे में पता चला है कि वे मुंबई में हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों से अलग-अलग टीमें पूछताछ कर रही हैं।

एक आरोपित अस्पताल में भर्ती और चलने-फिरने में भी अक्षम

फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात एक परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतक अधेड़ के भाई ने गांव के ही 11 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आकाश सिंह, बबलू, अमित सिंह, रवि, मनीष, अभय, राजा, कुलदीप, कान्हा ठाकुर, अशोक व रंचू शामिल थे। इन पर सामूहिक दुष्कर्म, हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरुवार शाम को ही पुलिस ने नामजद आरोपितों में आकाश सिंह, बबलू, अमित, रवि, रिंचू को पकड़ लिया था, जबकि मनीष, अभय और राजा को रात में गिरफ्तार किया गया। कुलदीप के बारे में पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है और चलने-फिरने में असमर्थ है।

अशोक और कान्हा हैं मुंबई में, भेजी गई पुलिस मुंबई

वहीं, अशोक और कान्हा ठाकुर के बारे में जानकारी हुई कि वे मुंबई में हैं। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने भर्ती आरोपित के बारे में डाक्टर से जानकारी ली। वह किस बीमारी का इलाज करा रहा है और कब से भर्ती है, इस बारे में पूछा गया। वहीं, मुंबई में जो दो आरोपित हैं, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही गिरफ्तार किए गए आठ आरोपितों से पुलिस टीमें अलग-अलग पूछताछ कर रही हैं। इनके द्वारा जो बताया जा रहा है, उसे क्रास चेक भी किया जा रहा है। एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी का कहना है कि आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई से दो और आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए टीम भेजी गई है। अस्पताल में भर्ती एक आरोपित से भी पूछताछ हुई है। घटना के सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। वारदात को अंजाम जमीन के विवाद को लेकर दिया गया या फिर कोई और वजह थी, इसकी बारीकी से पड़ताल हाे रही है। जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी