अंजली बनीं प्रयागराज में शोषित महिलाओं-लड़कियों का सहारा, शिक्षित के साथ बना रहीं आत्मनिर्भर

जनसेवा के लिए डा. अंजली ने विशाल संकल्प नामक संस्था बनाई है। बिना किसी से आर्थिक मदद लिए मलिन बस्ती की लड़कियों व महिलाओं को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब के पास पढ़ाई कराती हैं। इसमें छोटे-बड़े 60 बच्चे पढ़ते हैं।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 01:10 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 07:32 PM (IST)
अंजली बनीं प्रयागराज में शोषित महिलाओं-लड़कियों का सहारा, शिक्षित के साथ बना रहीं आत्मनिर्भर
कुछ कर गुजरने के जज्बे से विपरीत परिस्थिति में आशा की नई किरण खोजी है डा. अंजली केशरी ने।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। ज्ञान और समाज के लिए कुछ कर गुजरने के जज्बे से विपरीत परिस्थिति में आशा की नई किरण खोजी है डा. अंजली केशरी ने। केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट में बतौर शिक्षिका कार्यरत डा. अंजली 2016 से जनसेवा का कार्य कर रही हैं। समाज के उपेक्षित, वंचित व अशिक्षित लड़कियों, महिलाओं को शिक्षित करने के साथ आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करती हैं। कोरोना संक्रमण काल में उनकी मुहिम जारी है।  उनकी इस मुहिम से बहुत सी परेशान हाल महिलाओं को जीवन यापन में मदद मिली है।

बोट क्लब के पास पढ़ाई कराती हैं

जनसेवा के लिए डा. अंजली ने विशाल संकल्प नामक संस्था बनाई है। बिना किसी से आर्थिक मदद लिए मलिन बस्ती की लड़कियों व महिलाओं को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब के पास पढ़ाई कराती हैं। इसमें छोटे-बड़े 60 बच्चे पढ़ते हैं। इसके अलावा उन्हें स्कूल में दाखिला करवाकर उनके लिए पाठ्य सामग्री तथा यूनीफार्म का प्रबंध करती हैं। इस तरह से मलिन बस्ती के बच्चे शिक्षित हो रहे हैं।

कबाड़ से जुगाड़ की दिला रहीं सीख

डा. अंजली मलिन बस्ती की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कबाड़ से जुगाड़ स्लोगन देकर उन्हें खराब वस्तुओं से सजावटी सामान, मूर्ति, गमले बनाना सिखाती हैं। इसके अलावा पेंटिंग, सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिलाती हैं। अभी तक 150 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित करा चुकी हैं।

संग्रहालय में लगवाई प्रदर्शनी

मलिन बस्ती में रहने वाली लड़कियों द्वारा बनाई गई वस्तुओं की प्रदर्शनी बीते दिनों इलाहाबाद संग्रहालय में लगी थी। जिसे लोगों ने खूब सराहा था। वहीं, ज्योति नाम की लड़की को नर्सिंग का कोर्स करवा रही हैं, जबकि कुछ लड़कियों को ब्यूटी पार्लर का कोर्स करवाया है, जिससे वे बेहतर जीवनयापन कर रही हैं।

कन्याओं का कराया पूजन

विशाल संकल्प संस्था ने रविवार को मलिन बस्ती की लड़कियों का पूजन कराया। उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया। उन्हें सनातन संस्कृति व धर्म का महत्व बताते हुए उससे जुडऩे को प्रेरित किया गया।

chat bot
आपका साथी