Politics: कोरोना काल में विपक्षी घरों में रहे, भाजपाई करते रहे सेवा, बोले डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा

उप मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में 2017 से विकास की शुरुआत हुई। इसका रास्ता लखनऊ स्थित विधानसभा से निकलता है। भाजपा जिसका शिलान्यास करती है उसका लोकार्पण भी करती है। दूसरी तरफ विपक्ष सिर्फ श्रेय लेता है। वास्तव में भाजपा ने जाति धर्म से ऊपर उठकर कार्य किया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 07:10 AM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 07:10 AM (IST)
Politics: कोरोना काल में विपक्षी घरों में रहे, भाजपाई करते रहे सेवा, बोले डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा
उप मुख्यमंत्री बोले, हम दृढ़ प्रतिज्ञ होकर स्मार्ट इंडिया के लिए कार्य कर रहे

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। संविधान की अब तक सिर्फ व्याख्या होती रही जब कि भाजपा ने उसके लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य किया। दुनिया के सामने हम दृढ़ प्रतिज्ञ होकर स्मार्ट इंडिया के लिए कार्य कर रहे हैं। यह दावा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को किया। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में वह जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

संविधान दिवस पर जिलापंचायत सभागार में भाजपा ने किया प्रबुद्ध सम्मेलन

डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि जब कोरोना की कालिमा फैली थी तो विपक्ष के सभी नेता घरों में दुबके हुए थे। उधर, भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी कहीं भोजन का पैकेट बांट रहा था ताे कहीं राशन का किट। हालात और गंभीर हुए तो लोगों को अस्पताल में बेड, दवा, आक्सीजन की व्यवस्था करने की भी कोशिश की गई। भाजपा सरकार ने अब तक 518 अक्सीजन प्लांट शुरू करवा दिए हैं। सभी जिलों में एक मेडिकल कालेज स्थापित करने की योजना पर भी काम जारी है। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा कहा, सरकार के प्रत्येक कार्य की आलोचना की गई। बाहर से वैक्सीन मंगवाने की वकालत हुई पर प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के लिए काम किया। देश में वैक्सीन बनवाई। सिर्फ उत्तर प्रदेश में 15 कराेड़ से अधिक लोगों को टीके लग चुके हैं। इससे पूर्व जल शक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों व संविधान निर्माताओं को नमन किया। मंच संचालन मृत्युंजय तिवारी व आभार जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद डा. रीता जोशी भी मौजूद रहीं।

सावधानी बरतने और मास्क लगाने का आह्वान

उप मुख्यमंत्री ने कोरोना को देखते हुए सभी से सावधानी बरतने का आह्वान किया। कहा, मास्क लगाना जारी रखें। कोरोना बहुरूपिया है। अलग अलग भेष में आता है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी मुश्किल में डाल सकती है। मास्क और सैनिटाइजर जैसे उपाय को हमें अपने जीवन में उतारना होगा।

नकल उद्योग को बंद कराया

डा. दिनेश शर्मा ने प्रदेश के विकास कार्यों का भी लेखा जोखा रखा। कहा, भाजपा की सरकार ने पांच एक्सप्रेसवे तैयार कराया। सेना को राफेल देने के साथ डिफेंस कारीडोर बनाने पर भी काम चल रहा है। अब तक 33 मेडिकल कालेज शुरू होने के साथ 12 नए विश्वविद्यालय भी मंजूर हो चुके हैं। 250 से अधिक माध्यमिक स्कूल नए खोले गए। शिक्षा में सब से बड़ा सुधार नकल उद्योग को बंद कराया। इसके लिए प्रदेश, मंडल व जिले स्तर पर कंट्रोलरूम बनाकर परीक्षा की निगरानी की जा रही है।

प्रदेश की विधानसभा से निकलती है विकास की राह

उप मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश में 2017 से विकास की शुरुआत हुई। इसका रास्ता लखनऊ स्थित विधानसभा से निकलता है। भाजपा जिसका शिलान्यास करती है उसका लोकार्पण भी करती है। दूसरी तरफ विपक्ष सिर्फ श्रेय लेता है। वास्तव में भाजपा ने जाति धर्म से ऊपर उठकर कार्य किया। इससे पहले लोग मंदिरों में जाने से कतराते थे जब कि मोदी ने श्रीराम लला के दर्शन के साथ केदारनाथ धाम की यात्रा भी की। इसका असर यह हुआ कि विपक्ष में बैठे एक नेता का जनेऊ कोट से बाहर आ गया। मंदिर मंदिर भ्रमण भी शुरू कर दिया।

chat bot
आपका साथी