चक्रवात 'यास' के प्रभाव से प्रयागराज का तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे लुढ़का, दो दिन तक होती रहेगी बारिश

प्रयागराज समेत पूर्वांचल में चक्रवात का असर शुरू हो गया है। ओडिशा व बंगाल के तटीय इलाके में टकराने के बाद प्रयागराज में भी चक्रवात यास का असर दिख रहा है। लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। मई के औसत तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस से करीब 11 डिग्री कम रहा।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 28 May 2021 10:26 AM (IST) Updated:Fri, 28 May 2021 05:50 PM (IST)
चक्रवात 'यास' के प्रभाव से प्रयागराज का तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे लुढ़का, दो दिन तक होती रहेगी बारिश
प्रयागराज में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश का क्रम अभी जारी रहने की उम्‍मीद है।

प्रयागराज, जेएनएन। चक्रवाती तूफान ' यास' का असर प्रयागराज में नजर आ रहा है। मई के तल्‍ख मौसम में बारिश की फुहार का लुत्‍फ मिल रहा है। अचानक बदले मौसम का यह हाल गुरुवार से ही दिख रहा है। अब आसमान को घने बादलों ने ढंक रखा है। बुधवार की रात भर रुक-रुककर बारिश होती रही। आज सुबह से तो रिमझिम बारिश का क्रम नहीं टूट रहा है।

प्रयागराज समेत पूर्वांचल में चक्रवात का असर

प्रयागराज समेत पूर्वांचल में चक्रवात का असर शुरू हो गया है। ओडिशा व बंगाल के तटीय इलाके में टकराने के बाद गुरुवार को प्रयागराज में भी चक्रवात यास का असर देखा गया। सुबह से ही मौसम में बदलाव शुरू हुआ। वहीं, मई के औसत तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस से करीब 11 डिग्री कम 30.9 रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, मई के औसत 26.5 डिग्री सेल्सियस से एक अधिक था। पारा गिरने से लोगों ने उमस से राहत महसूस की।

मौसम विभाग ने दो दिन बारिश की जताई है संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की भी संभावना है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि तीन दिन तक कहीं रुक-रुक कर तो कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इविवि में भूगोल विभाग के प्रो. एचएन मिश्रा ने बताया कि ओडिशा तट से टकराने के दौरान यास की रफ्तार 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हालांकि यहां पहुंचने तक हवा का वेग 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकता है। एक-दो दिन और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

चक्रवात 'टाक्टे' से भी 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था तापमान

अरब सागर के चक्रवात टाक्टे के चलते 19 मई से बेमौसम बारिश हुई थी। इससे प्रयागराज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो मई के औसत तापमान से 11 डिग्री सेल्सियस कम था। बारिश थमते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई और वह 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं एक बार फिर वायुमंडलीय परिस्थितियों की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

chat bot
आपका साथी