वारदात के एक दिन पहले सूरज और आरती में हुआ था विवाद, प्रयागराज पुलिस पहेली सुलझाने में जुटी

पत्नी आरती को मौत के घाट उतारने और सूरज को मरणासन्न करने के आरोपित गजराज की तलाश में पुलिस लगी है। गुरुवार देर रात उसकी तलाश में उसके कई नाते-रिश्तेदारों के साथ ही करीबियों के यहां दबिश दी गई। लेकिन वह नहीं मिला। हर संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी हुई।

By Brijesh Kumar SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 11:36 AM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 11:36 AM (IST)
वारदात के एक दिन पहले सूरज और आरती में हुआ था विवाद, प्रयागराज पुलिस पहेली सुलझाने में जुटी
प्रयागराज में हत्‍या के आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जनपद में बारा थाना क्षेत्र के टिकरी कला गांव में हुई घटना के बाद एक और बात सामने आई है। मृतका आरती की पुत्री ने पुलिस को बताया कि घटना के एक दिन पहले उसकी मां का सूरज से विवाद हुआ था। उस समय पिता गजराज घर पर नहीं थे। मां आरती सूरज से कह रही थी कि वह बार-बार घर आ जाता है, जो गलत है। इस पर सूरज ने कहा कि वह आएगा, जिसे जो करना है कर ले। इस पर दोनों के विवाद हुआ था। 

गजराज को भागते हुए ग्रामीणों ने देखा तो हुआ था अनहोनी का संदेह

आरती और सूरज पर सब्बल से हमला करने के बाद दोनों को मृत समझ गजराज तेजी से घर से भागा। उधर, चीख पुकार की आवाज सुनकर कमरे से बाहर निकले बच्चों ने आरती और सूरज को लहूलुहान पड़े देखा तो चिल्लाने लगे। आसपास के लोग घरों से निकले तो गजराज भाग रहा था। उसी समय ग्रामीणों को संदेह हो गया था कि कोई अनहोनी हो गई है, जिस पर गजराज भाग रहा है। कुछ लोगों ने उससे पूछा भी, लेकिन बिना किसी से कुछ बोले वह भाग निकला। 

नाते-रिश्तेदारों समेत हर संभावित स्थान पर दबिश

पत्नी आरती को मौत के घाट उतारने और सूरज को मरणासन्न करने के आरोपित गजराज की तलाश में पुलिस लगी है। गुरुवार देर रात उसकी तलाश में उसके कई नाते-रिश्तेदारों के साथ ही करीबियों के यहां दबिश दी गई। लेकिन वह नहीं मिला। हर संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी हुई। पुलिस ने उसके कुछ खास करीबियों को पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस को उम्मीद है कि इन लोगों से पूछताछ में गजराज के बारे में अहम जानकारी मिलेगी। 

जानें, क्या था मामला

टिकरी कला गांव के गजराज सिंह के घर में चित्रकूट जनपद के सूरज पांडेय का आना जाना था। दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध हो थे। सूरज से गजराज की पत्नी आरती की दोस्ती थी। गुरुवार काे भोर में गजराज ने दोनों को घर के बाहर बने छप्पर में एक साथ देख लिया था, जिस पर वह आगबबूला हो गया था। उसने सब्बल से दोनों पर हमला कर दिया था। इसमें आरती की मौत हो गई थी, जबकि सूरज का इलाज स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

chat bot
आपका साथी