Kartik Purnima 2019 : दो लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, गंगा-यमुना के घाटों पर आस्‍था का रेला Prayagraj News

भोर से ही आस्‍थावान भक्‍तों की भीड़ से गंगा और यमुना के विभिन्‍न घाट गुलजार हैं। भक्‍त स्‍नान कर पूजन-अर्चन कर रहे हैं। धार्मिक अनुष्‍ठानों की भी धूम है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 09:36 AM (IST) Updated:Tue, 12 Nov 2019 02:48 PM (IST)
Kartik Purnima 2019 : दो लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, गंगा-यमुना के घाटों पर आस्‍था का रेला Prayagraj News
Kartik Purnima 2019 : दो लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, गंगा-यमुना के घाटों पर आस्‍था का रेला Prayagraj News

प्रयागराज, जेएनएन। कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मंगलवार की भोर से ही गंगा और यमुना के घाटों पर चहल-पहल बढ़ गई है। गंगा और यमुना घाटों पर भक्‍त स्‍नान करने के बाद पूजन और अर्चन के साथ धार्मिक अनुष्‍ठान भी कर रहे हैं। भक्तिगीत भी माहौल में आस्‍था घोल रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। इनमें 50 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने बलुआघाट और गऊघाट पर यमुना नदी में पुण्य की डुबकी लगाई।

ग्रामीण अंचल में भी पूजन-अर्चन की धूम

कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मंगलवार को आस्‍था के साथ मनाया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण अंचल में भी गंगा और यमुना के घाटों पर स्‍नान, दान और पूजन-अर्चन करने भक्‍तों की भीड़ जुटी है। वहीं पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ और कौशांबी के भी गंगा, यमुना और सई घाट भी आस्‍थावानों से गुलजार है। 

घाटों पर स्‍नानार्थियों की सुविधा को पुलिस भी तैनात

कार्तिक में प्रमुख स्‍नान यमुना के जल में माना जाता है। इसके लिए बलुआघाट, गऊघाट, मिंटो पार्क आदि समेत संगम समेत गंगा के विभिन्‍न स्‍नान घाटों पर स्‍नानार्थियों की सुविधा के लिए बिजली आदि का प्रबंध प्रशासन की ओर से किया गया है। वहीं घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स की भी तैनाती है।

बलुआघाट के मेले में उमड़ी भीड़

यमुना के प्रमुख घाटों में से एक बलुआघाट में स्‍नानार्थियों की भीड़ उमड़ी है। घाट को जाने वाले रास्‍ते में मेला भी लगा है। यह मेला पिछले करीब एक माह से लगा है। इसमें खाने-पीने के साथ ही खेल-खिलौने की दुकानें सजी हैं। वहीं सबसे अधिक भीड़ ताे यहां महिलाओं की हाे रही है। इस मेले में गृहस्‍थी संबंधी सभी आवश्‍यक वस्‍तुएं उपलब्‍ध हैं। इसी क्रम में गंगा के श्रृंगवेरपुर धाम में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं का उमड़ा रेला। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रही। दूरदराज के स्नानार्थी रात से ही श्रृंगवेरपुर घाट पहुंचने लगे थे। भोर से प्रारंभ हुआ स्नान दोपहर तक चलता रहा। मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।

देव दीपावली महोत्सव में गंगा-यमुना घाट पर होगा दीपदान, शामिल होंगे डिप्‍टी सीएम

कार्तिक मास की पूर्णिमा देव दीपावली के रूप में मनाई जाती है। संगम और बलुआघाट पर मंगलवार के दिन विशेष आयोजन होने हैं। घाटों पर हजारों दीये जलाए जाएंगे। शाम चार बजे हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से त्रिवेणी बांध के नीचे भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने बताया कि उप मुख्यमंत्री प्लेन से मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे बमरौली एयरपोर्ट आएंगे, वहां से सर्किट हाउस जाएंगे। शाम को हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से आयोजित देव दीपावली महोत्सव में शामिल होंगे। वहां दीप प्रज्वलित और गंगा आरती करेंगे। महोत्सव में संगम से दशाश्वमेध घाट तक दीप जलाए जाएंगे। इससे पूर्व दोपहर में सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। रात्रि प्रवास कर अगले दिन बुधवार सुबह वह हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर लगा जाम

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर संगम समेत गंगा और यमुना घाटों पर स्‍नान करने की तमन्‍ना सभी में है। इसी मंशा से प्रयागराज समेत प्रतापगढ़ आदि जनपदों से स्‍नानार्थियों का रेला प्रयागराज की ओर आवागमन कर रहा है। लोग ट्रैक्‍टर-ट्राली, ऑटो,‍ विक्रम, कार और जीप आदि वाहनों पर सवार होकर आ रहे हैं और स्‍नान करके वापस लौट रहे हैं। इससे प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर जाम की स्थिति उत्‍पन्‍न हो रही है। जाम को हटाने में पुलिस को भी काफी मशक्‍कत करनी पड़ रही है।

रामकथा में शामिल होंगे मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और लघु-मध्यम उद्योग, रेशम-वस्त्रोद्योग, निर्यात-निवेश प्रोत्साहन, खादी-ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह कार से मंगलवार दोपहर तीन बजे शहर पहुंचेंगे। मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि राजापुर स्थित आवास पर मंत्री आमजन से मुलाकात करेंगे। शाम 7.30 बजे वह कालिंदीपुरम के गोकुल सेक्टर स्थित राम कथा में सम्मिलित होंगे। बुधवार सुबह आठ बजे वह कानपुर जाएंगे, जहां श्रमायुक्त कार्यालय में आयुक्त व निदेशक उद्योग उत्तर प्रदेश की विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी