ROB: चौफटका-कालिंदीपुरम रेल ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने किया शिलान्यास

इस ब्रिज के बन जाने से राजरूपपुर कालिंदीपुरम और झलवा की तरफ रहने वाली आबादी को जाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही शहर पश्चिमी में विकास की गति को रफ्तार मिलेगी। एयरपोर्ट से सीधे जुड़ने पर पर्यटकों का आवगमन बढ़ने से नए रोजगार के द्वारा खुलेंगे।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 06:40 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 06:40 AM (IST)
ROB: चौफटका-कालिंदीपुरम रेल ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने किया शिलान्यास
चौफटका कालिंदीपुरम फ्लाईओवर का निर्माण 28421.46 लाख रुपये की लागत से होगा

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। एयरपोर्ट का रास्ता सुगम बनाने के लिए शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सूबेदारगंज में फोरलेन रेल ओवरब्रिज और कानपुर रोड पर टू लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया। इस ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण 2024 तक पूरा हो जाएगा। इसके बनने से शहर पश्चिमी के कई मोहल्लों के लोगों का जीटी रोड पहुंचना आसान हो जाएगा। साथ ही ट्रिपलआइटी और एयरपोर्ट जाना आसान होगा।

ओवरब्रिज 1583 मीटर और फ्लाईओवर 659 मीटर का होगा

कालिंदीपुरम कालोनी में डिप्टी सीएम उपमुख्यमंत्री ने शिलान्यास और भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण 284.21 करोड़ रुपये की लागत से होगा। फोरलेन रेल ओवरब्रिज 1583.876 मीटर और टू लेन फ्लाईओवर 659.926 मीटर का होगा। इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश में तेजी के साथ विकास के कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि शहर पश्चिमी से कौशाम्बी तक फोर लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे आस-पास के गांव के क्षेत्र भी तेजी से विकसित होंगे। इनर रिंग रोड का निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिससे शहर में जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। हंडिया से कोखराज तक फोर लेन माडल रोड बनाने जा रहे है। कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट का रास्ता सुगम बनाने के लिए सूबेदारगंज में रेलवे ओवरब्रिज एवं कानपुर रोड पर फ्लाईओवर के निर्माण की अति आवश्यकता थी। इस ब्रिज के बन जाने से राजरूपपुर, कालिंदीपुरम और झलवा की तरफ रहने वाली आबादी को जाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही शहर पश्चिमी में विकास की गति को रफ्तार मिलेगी। एयरपोर्ट से सीधे जुड़ने पर पर्यटकों का आवगमन बढ़ने से नए रोजगार के द्वारा खुलेंगे। साथ ही नए उद्योगों की स्थापना के प्रति निवेशकों की संख्या बढ़ेगी। इस अवसर पर सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, सांसद इलाहाबाद डा. रीता बहुगुणा जोशी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, पार्षद बंधु अखिलेश सिंह और मिथलेश सिंह और कालिंदीपुरम जागृति समिति के जेपी तिवारी आदि मौजूद रहे। इस रेलवे ओवरब्रिज के  लिए बार बार मांग उठाने वाले जेपी तिवारी ने शिलान्यास होने पर खुशी जाहिर की। 

सपा बसपा का गठबंधन सांप और नेवले की दोस्ती : उपमुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा, आज गरीब और किसान की बात वो कर रहे हैं जिन्होंने गरीबी देखी नहीं, किसानी जानते नहीं। उन्होंने सवाल किया कि यदि भाजपा की सरकार आप लोगों ने न बनवाई होती तो क्या शहर पश्चिमी और फूलपुर लोकसभा कभी गुंडागर्दी से मुक्त हो पाती। क्या प्रदेश में जो गुंडे आज भागे-भागे फिर रहे हैं उनसे आप को राहत मिल पाती। कहा कि सपा और बसपा का गठनबंधन सांप और नेवले की दोस्ती जैसे है। पिछली बार सपा और बसपा एक होकर भी डबल इंजन की सरकार को हिला न सके। तो 2022 में क्या इसे कोई रोक पाएगा।

chat bot
आपका साथी