महिला वार्ड में शिफ्ट किए गए डेंगू के मरीज

कुंभ मेले के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में इन दिनों वार्डो के मरम्मत का कार्य चल रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन मरीजों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Oct 2018 06:25 AM (IST) Updated:Fri, 19 Oct 2018 06:25 AM (IST)
महिला वार्ड में शिफ्ट किए गए डेंगू के मरीज
महिला वार्ड में शिफ्ट किए गए डेंगू के मरीज

प्रयागराज : मरीजों के स्वास्थ्य को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल कितना गंभीर है, इसका अंदाजा लगाना है तो, यहां वार्ड नंबर सात में जाकर देखें। जिन डेंगू मरीजों को अलग से आरक्षित डेंगू वार्ड में भर्ती किया जाना चाहिए, उन्हें यहां महिला वार्ड में सामान्य मरीजों के साथ भर्ती कर दिया गया है। ऐसे में अन्य मरीजों को भी इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है।

कुंभ मेले के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में इन दिनों वार्डो के मरम्मत का कार्य चल रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन मरीजों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। अस्पताल में वार्ड नंबर सात डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित है। इस वार्ड में मरम्मत का काम चल रहा तो डेंगू मरीजों को कहीं सुरक्षित व आरक्षित वार्ड में भर्ती करने के बजाय सामने स्थित वार्ड नंबर आठ महिला वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। जबकि इसमें पहले से ही महिला मरीजों का इलाज चल रहा है। अब करीब एक दर्जन डेंगू मरीज बिना किसी सुरक्षा के महिला वार्ड में भर्ती कर दिए गए हैं। एक तरफ सामान्य मरीजों का इलाज चल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ डेंगू मरीज का इलाज किया जा रहा है। इतना ही नहीं डेंगू के इन मरीजों को मच्छरदानी आदि भी नहीं लगाई गई है। यदि इन्हें कहीं अन्यत्र नहीं शिफ्ट किया जाता है तो अन्य सामान्य मरीज भी डेंगू की चपेट में आ सकते हैं। मलेरिया अधिकारी डॉ. केपी द्विवेदी ने बताया कि डेंगू के मरीज को अन्य मरीजों के साथ रखा जाता है, तो अन्य मरीजों में भी डेंगू होने का खतरा होता है। वर्जन

सात नंबर डेंगू वार्ड के लिए आरक्षित है, लेकिन इस समय वार्ड में मरम्मत का कार्य चल रहा है। ऐसे में वहां के मरीजों को आठ नंबर वार्ड में शिफ्ट किया गया है। जल्द ही उन्हें डेंगू वार्ड में भर्ती करा दिया जाएगा।

डॉ. एके श्रीवास्तव : प्रमुख अधीक्षक, एसआरएन अस्पताल

chat bot
आपका साथी