Crime in Pratapgarh: प्रतापगढ़ में बदमाशों ने राइस मिल मालिक के बेटे को गोली मारी, गंभीर

Crime in Pratapgarh एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने राइस मिल संचालक पुत्र के पेट में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। दो बदमाश एक बाइस पर और तीसरा फिल्‍मी स्‍टाइल में फरार हुआ।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 11:26 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 11:26 AM (IST)
Crime in Pratapgarh: प्रतापगढ़ में बदमाशों ने राइस मिल मालिक के बेटे को गोली मारी, गंभीर
प्रतापगढ़ के लालगंज में राइस मिल संचालक पुत्र को गोली मारने के बाद जुटी भीड़।

प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ में अपराध बढ़ा है। अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं लेकिन पुलिस हाथ मलती ही रह जाती है। अब जिले में लालगंज कोतवाली क्षेत्र में राइस मिल संचालक के बेटे को गोली मार दी। गंभीर अवस्‍था में उसे प्रयागराज के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात उस समय हुई जब मजदूरों के साथ मिल संचालक का व्‍यापारी पुत्र बैठा था। पुलिस पहुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन वह हाथ नहीं लगे।

लालगंज कोतवाली के जलेसरगंज निवासी राम प्रसाद केसरवानी का बाजार में राइस मिल है। उनके साथ इस व्‍यवसाय में उनका 30 वर्षीय पुत्र मनीष केसरवानी भी हाथ बंटाता है। रविवार सुबह करीब नौ बजे मनीष राइस मिल का शटर खोलकर कुर्सी पर बैठा था। उसके साथ मजदूर भी थे। वे आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। जब तक मनीष कुछ समझ पाता बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। अचानक हुई इस वारदात ने लोगों को स्‍तब्‍ध कर दिया। पेट में गोली लगने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद हड़बड़ी में बाइक से दो बदमाश सवार होकर फरार हो गए। तीसरे बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया। पिटाई करने के दौरान बदमाश ने तमंचा निकाल लिया। यह देख लोग सहम गए। इसी बीच पास में ही खड़े बाइक सवार के सिर पर तमंचा तानकर बदमाश ने उसकी बाइक छीन ली। इसके बाद लोगाें को गोली मारने की धमकी देते हुए वह भी बाइक लेकर फरार हो गया।

बदमाशों के भागने के बाद लोगों ने घायल मनीष को अस्‍पताल ले जाने लगे। इसी बीच जानकारी होने पर उसके परिवार के लोग भी पहुंचे। पहले स्‍थानीय अस्‍पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्‍सकों ने प्रयागराज के अस्‍पताल के लिए रेफर कर दिया।

उधर सूचना के कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने बदमाशों के बारे में जानकारी लेने के बाद कांबिंग की लेकिन बदमाशों को कुछ पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

chat bot
आपका साथी