COVID-19 Prayagraj News: होम आइसोलेशन में 64 हजार लोगों ने दी कोरोना को मात, सजगता से बची जान

COVID-19 Prayagraj News कोविड-19 में होम आइसोलेशन में हजारों मरीज ठीक हुए हैं। उनके बारे में प्रयागराज के डॉक्टर कहते हैं कि समय रहते कोविड जांच कराने और नियमित रूप से दवाएं खाते रहने का यह परिणाम है। इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 10:45 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 10:45 AM (IST)
COVID-19 Prayagraj News: होम आइसोलेशन में 64 हजार लोगों ने दी कोरोना को मात, सजगता से बची जान
कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का डॉक्‍टर उदाहरण देते हुए कहते हैं कि सजगता से वे ठीक हुए।

प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस खतरनाक है। इसके लक्षण दिखने पर जांच और इलाज में लेटलतीफी अब तक सैकड़ों लोगों की जान ले चुकी है। वहीं जिन्होंने लक्षण दिखने पर अपना इलाज समय से कराया, उनकी जान बच गई। प्रयागराज के 64 हजार लोगों ने इसी तरह कोरोना पर जीत हासिल की है। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी कामयाबी भी है कि कोविड महामारी में हजारों लोगों को घर बैठे स्वस्थ किया।

ये कोविड मरीज न तो घबराए और न ही किया संकोच

कोविड महामारी में जो भी लोग होम आइसोलेशन में ठीक हुए उनके बारे में डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते कोविड जांच कराने और नियमित रूप से दवाएं खाते रहने का यह परिणाम है। इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को ही 484 लोगों को पूरी तरह स्वस्थ पाते हुए डिस्चार्ज किया गया। वहीं अप्रैल माह में 24 घंटे में 1000 से ज्यादा लोग स्वस्थ होते रहे हैं।

जिन्होंने की देरी, उन्हें लील गया कोरोना

कोरोना से दूसरी लहर में पौने चार सौ लोगों की जान गई। इसमें अधिकांश तो कमजोर इम्युनिटी वाले और पुरानी किसी न किसी बीमारियों से ग्रसित रहे। बाकी ऐसे लोगों की जान गई, जिनके अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। उनके फेफड़े 70 फीसद से अधिक संक्रमित मिले थे। इनके इलाज में डॉक्टरों का वश नहीं चला।

लेवेल-थ्री कोविड अस्पताल के अधीक्षक ने यह कहा

लेवेल-थ्री कोविड अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर मोहित जैन का कहना है कि बड़ी तादात में ऐसे मरीज अस्पताल आए, जिनका ऑक्सीजन सैचुरेशन 50 के आसपास था। इस हालत वाले लोगों की जान बचना मुश्किल होता है। अगर समय रहते कोविड जांच हो जाए तो इलाज भी सही समय पर शुरू हो जाता है। होम आइसोलेशन में हजारों लोगों ने संक्रमण से निजात पाई यह अच्छी बात है।

chat bot
आपका साथी