Coronavirus Effect : प्रयागराज में बस अडडे पर 12 सवारियों को यात्रा से रोका गया, जानिए क्‍या थी वजह

Coronavirus Effect क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि सिविल लाइंस बस अड्डे पर सैनिटाइजेशन मशीन ठीक कराई गई है। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जा रही है। एआरएम सीबी राम ने बताया कि शरीर का तापमान अधिक मिलने पर 12 लोगों को लौटा दिया गया।

By Rajneesh MishraEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 08:16 PM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 08:16 PM (IST)
Coronavirus Effect : प्रयागराज में बस अडडे पर 12 सवारियों को यात्रा से रोका गया, जानिए क्‍या थी वजह
सिविल लाइंस बस स्‍टाप पर बस में बैठने की जल्‍दी में यात्री।

प्रयागराज,जेएनएन। कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढऩे से महानगरों से लोग अपने घर लौट रहे हैं। ट्रेन से प्रयागराज पहुंचने के बाद रोडवेज की बसों से घर जा रहे हैं। ऐसे में प्रयागराज परिक्षेत्र की 123 रोडवेज बसें चुनाव ड्यूटी में भेजने की वजह से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। 14 अप्रैल के अंक में दैनिक जागरण में 'रोडवेज बस अड्डे पर उमड़ी भीड़, हर तरफ लापरवाही' शीर्षक से खबर प्रकाशित हुआ। इसका असर यह रहा कि रोडवेज की ओर से ऑटोमैटिक सैनिटाइजिंग मशीन ठीक कराई गई और यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी शुरू हुई। इस दौरान शरीर का तापमान अधिक होने पर 12 लोगों को यात्रा करने से रोक दिया गया।

बड़ी संख्‍या में दूसरे राज्‍यों से लौट रहे हैं प्रवासी

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और रायपुर आदि जगहों से प्रवासी लौट रहे हैं। ट्रेन से सफर कर प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी पहुंचते हैं। इसके बाद घर जाने के लिए रोडवेज बसों का इंतजार करते हैं। वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। यात्री बगैर कोविड टेस्ट कराए बस में सफर कर रहे हैं। जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, बहराइच व गोंडा रूट पर ओवरलोड बसें चल रही हैं। इनमें फिजिकल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है।

शरीर का तापमान अधिक होने पर 12 मुसाफिरों को लौटाया गया

क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि सिविल लाइंस बस अड्डे पर सैनिटाइजेशन मशीन ठीक कराई गई है। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जा रही है। सिविल लाइंस बस अड्डे के एआरएम सीबी राम ने बताया कि शरीर का तापमान अधिक मिलने पर 12 लोगों को लौटा दिया गया।

बस के लिए करना पड़ रहा इंतजार

बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी गई हैं। ऐसे में महानगरों से लौटने की वजह से यात्रियों का दबाव अधिक है। लोगों को बस के लिए इंतजार भी करना पड़ रहा है। बलिया निवासी शत्रुघन चौधरी बताते हैं कि रिजर्वेशन नहीं होने पर टे्रन के बजाय निजी बस से राजकोट से परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचे। सिविल लाइंस बस अड्डे पर सुबह करीब 11 बजे से दो घंटे हो गए। बस का इंतजार करते रहेे अपने भाइयों के साथ नागपुर से घर लौट रहे बहराइच के अहमद ने बताया कि चाचा पंचायत चुनाव में प्रत्याशी हैं। मतदान करने के लिए जाना पड़ रहा है। तीन घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। सुल्तानपुर के राम प्रवेश बताते हैं कि रायपुर से सारनाथ एक्सप्रेस से आए हैं। तत्काल बस न मिलने पर परेशानी झेलनी पड़ी।

chat bot
आपका साथी