राम की नगरी अयोध्या से चित्रकूट के बीच जल्द शुरू होगा 112 किलोमीटर के राम वन गमन पथ का निर्माण

राम वनगमन मार्ग अयोध्या से शुरू होकर चित्रकूट के राजापुर तक बनेगा। अयोध्या से प्रतापगढ़ के मोहनगंज तक करीब 100 किलोमीटर सड़क पहले से बनी है। उसके आगे मोहनगंज से अवतारपुर होते हुए सड़क बनाई जाएगी। रास्ते में श्रंगवेरपुर में गंगा पर ब्रिज बनाया जाएगा।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 07:00 AM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 02:54 PM (IST)
राम की नगरी अयोध्या से चित्रकूट के बीच जल्द शुरू होगा 112 किलोमीटर के राम वन गमन पथ का निर्माण
मोहनगंज से अवतारपुर तक 35 किलोमीटर की टू लेन सड़क के लिए टेंडर जारी

प्रयागराज, प्रमोद यादव। सब कुछ ठीक रहा तो चित्रकूट से अयोध्या के बीच राम वन गमन पथ साल भर में धरातल पर नजर आने लगेगा। कुल 112 किलोमीटर में 35 किलोमीटर सड़क के लिए टेंडर कर दिया गया है। तीन चरणों में निर्माण की प्रक्रिया पूरी होगी। दूसरे हिस्से की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी बना ली गई है।

अवतारपुर से मूरतगंज तक फोरलेन रोड व ब्रिज का डीपीआर

केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद सन 2014 में ही राम वनगमन पथ की योजना बन रही थी। कई बार योजना बनी और बदली गई। अब इसका रूट फाइनल हो गया है। पिछले दिनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम वन गमन पथ तैयार करने के लिए कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली और जल्द ही निर्माण शुरू करने के लिए कहा। राम वनगमन मार्ग अयोध्या से शुरू होकर चित्रकूट के राजापुर तक बनेगा। अयोध्या से प्रतापगढ़ के मोहनगंज तक करीब 100 किलोमीटर सड़क पहले से बनी है। उसके आगे मोहनगंज से अवतारपुर होते हुए सड़क बनाई जाएगी। रास्ते में श्रंगवेरपुर में गंगा पर ब्रिज बनाया जाएगा, यह ब्रिज कौशांबी में कुरई घाट पर खत्म होगा। फिर यह मार्ग मूरतगंज और रोही ओवरब्रिज होते हुए राजापुर तक जाएगा। तीन चरणों में राम वन गमन पथ बनाया जाना है। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा। पौराणिक मान्यता है कि भगवान राम वन गमन के समय कौशांबी के चरवा गांव में भी रात रुके थे। इसलिए मूरतगंज से एक लिंक मार्ग चरवा से भी जोड़ेगा।

तीन चरणों में पूरा होगा काम

- पहले चरण में प्रतापगढ़ के मोहनगंज से अवतारपुर तक टू लेन सड़क 35 किलोमीटर की बनाई जाएगी। कुल 305 करोड़ की लागत वाली रोड के लिए टेंडर हो चुका है। साल भर में इसे बनाया जाएगा।

- दूसरे चरण में प्रतापगढ़ के अवतारपुर से कौशांबी के मूरतगंज तक 30 किमी फोरलेन सड़क बनेगी। इसमें कानपुर-वाराणसी बाइपास पर फ्लाईओवर और श्रृंग्वेरपुर में गंगा पर फोरलेन ब्रिज बनेगा। ब्रिज का दूसरा छोर कौशांबी में कुरई घाट पर होगा। मूरतगंज के निकट जीटी रोड पर फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। सड़क मूरतगंज बाजार बाइपास कर रोही ओवरब्रिज से मिलेगी। इसके लिए 1550 करोड़ रुपये का डीपीआर शासन में लंबित है। निर्माण में करीब तीन साल लगेंगे।

- तीसरे चरण मूरतगंज से राजापुर तक 47 किलोमीटर सड़क बनेगी। मंझनपुर तक फोरलेन रोड है, उसे और सुदृढ़ किया जाएगा। उसके आगे रोड फोरलेन होगी। इसका डीपीआर बनाया जा रहा है। निर्माण में करीब एक साल लगेगा।

खास-खास

- 112 किलोमीटर लंबा बनेगा राम वन गमन मार्ग

- 35 किलोमीटर टू लेन रोड मोहनगंज से अवतारपुर तक

- 30 किलोमीटर फोरलेन होगी अवतारपुर से मूरतगंज तक

- 47 किलोमीटर फोरलेन होगी मूरतगंज से राजापुर तक

- 03 फ्लाईओवर बनेंगे इस रास्ते पर।

- 01 ब्रिज बनेगा गंगा नदी पर।

chat bot
आपका साथी