Communicable Disease Control Campaign: प्रयागराज में 12 से 25 जुलाई तक चलाया जाएगा दस्तक अभियान

Communicable Disease Control Campaign अभियान के नोडल अधिकारी के अनुसार प्रयागराज में संचारी रोग नियंत्रण माह 1 से 31 जुलाई तक चलेगा। इसी में 12 से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान में शारीरिक दूरी हाथों की धुलाई और मास्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 02 Jul 2021 12:25 PM (IST) Updated:Fri, 02 Jul 2021 12:25 PM (IST)
Communicable Disease Control Campaign: प्रयागराज में 12 से 25 जुलाई तक चलाया जाएगा दस्तक अभियान
लोगों को मलेरिया, डेंगू एवं कोरोना से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक किया जाएगा।

प्रयागराज, जेएनएन। स्वस्थ्य समाज के लिए साफ-सफाई, रहन सहन, शुद्ध खान-पान का होना बहुत आवश्यक हैं। सीएमओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अपने घरों के आस-पास सफाई रखें। सफाई से कई तरह की बीमारियां दूर हो जाती हैं। इस अभियान के तहत प्रयागराज के लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। इसमें जन सहयोग भी आवश्यक है।

31 जुलाई तक जारी रहेगा संचारी रोग नियंत्रण माह

संचारी रोग नियंत्रण माह व दस्तक अभियान का प्रयागराज में शुरूआत हुई। अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर प्रभाकर राय ने जागरूकता रैली को रवाना किया। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। अभियान के नोडल अधिकारी डा. बीएन सिंह ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण माह 1 से 31 जुलाई तक चलेगा। इसी में 12 से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान में शारीरिक दूरी, हाथों की धुलाई और मास्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए लोगों को मलेरिया, डेंगू एवं कोरोना से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक कर सकें।

आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका

उन्‍होंने बताया कि अभियान में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग, शिक्षा एवं नगर निगम, कृषि विभाग, पशु पालन विभाग आदि का पूर्ण सहयोग होगा। डॉ. बीएन सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान प्रशिक्षित आशा कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी द्वारा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय, लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान आशा कार्यकर्त्ता दिमागी बुखार के लक्षणों एवं उपचार के संबंध में लोगों को जागरूक करेंगे। आशा घरों के अंदर प्रवेश कर मच्छरों के पैदा होने वाली परिस्थितियों का पता लगाएंगी। वे मलेरिया जांच में भी सहयोग करेंगी। कॉविड 19 रोग के प्रसार की स्थिति के चलते कई बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। ऐसे वंचित बच्चों की सूची भी आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण के दौरान तैयार करेंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा

जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) केपी द्विवेदी ने बताया कि इस चरण में आशा कार्यकर्ता बुखार के अतिरिक्त खांसी तथा सांस लेने में दिक्कत या परेशानी की शिकायत वाले रोगियों को भी चिन्हित करेंगी। साथ ही उन्हें कोविड जांच के लिए सलाह देंगी। इस दौरान टीबी रोगियों की खोज और कुपोषित बच्चों की सूची भी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनाएंगी। उन्‍होंने कहा कि अगर हम अपने घर के आस पास पानी न भरने दें तो काफी हद तक इन रोगों पर काबू किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी