Chaitra Navratri 2021: कोरोना संक्रमण दौर में मॉस्‍क लगाकर मंदिरों में पूजन कर रहे भक्‍त, दरबार में टेका मत्था

Chaitra Navratri 2021 नवरात्र के सातवें दिन मइया के मां भगवती के कालरात्रि स्वरूप का पूजन किया जा रहा है। व्रती महिलाएं व पुरुष दुर्गा सप्तशती का पाठ करने में लीन हैं। देवी मंदिरों में जन कल्याण के लिए पाठ किया जा रहा है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 11:58 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 11:58 AM (IST)
Chaitra Navratri 2021: कोरोना संक्रमण दौर में मॉस्‍क लगाकर मंदिरों में पूजन कर रहे भक्‍त, दरबार में टेका  मत्था
नवरात्र में देवी मंदिरों में पूजन का दौर जारी है। श्रद्धालु कोरोना गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। रविवार को लॉकडाउन की बंदिश के बाद सोमवार की सुबह देवी मंदिरों का पट भक्तों के लिए खुल गया। मां अलोपशंकरी, मां ललिता देवी, मां कल्याणी देवी, मां खेमा मायी, मां कालीबाड़ी सहित समस्त देवी मंदिरों का दरबार भक्तों से गुलजार है। हाथों में पूजा की टोकरी, चेहरे पर मास्क लगाए नर-नारी मइया के दरबार में पहुंच रहे हैं। हर कोई मइया के दिव्य स्वरूप को आंखों के जरिए हृदय में बसाने को आतुर हैं। नारियल, चुनरी व प्रसाद अर्पित करके भक्त मइया से मनोवांछित फल प्राप्ति की कामना कर रहे हैं। 

नवरात्र के सातवें दिन मइया के मां भगवती के कालरात्रि स्वरूप का पूजन किया जा रहा है। व्रती महिलाएं व पुरुष दुर्गा सप्तशती का पाठ करने में लीन हैं। वहीं देवी मंदिरों में भी जन कल्याण के लिए पाठ किया जा रहा है। हर ओर माहौल भक्तिमय हो गया है। 

अलोपशंकरी के दरबार में लगा मेला

मां अलोपशंकरी के दरबार में सोमवार को मेला लगा है। दूर-दूर से आए भक्त मइया के पालने का दर्शन करके उसमें नारियल, चुनरी, पुष्प व माला अर्पित करके समस्त कामना पूर्ण करने की प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, मइया के दरबार में नाक व कण छेदन, मुंडन का संस्कार भी चल रहा है। 

मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप का हुआ दर्शन, श्रृंगार

मां कल्याणी देवी, मां ललिता देवी व मां खेमा मायी का मंत्रोच्चार के बीच मइया के कालरात्रि स्वरूप का रत्नजडि़त आभूषणों से श्रृंगार करके पूजन किया गया। हर मंदिर में शतचंडी यज्ञ करने का सिलसिला जारी है। मंदिर के पुजारी व प्रबंधन से जुड़े लोगों ने यज्ञकुंड में आहुतियां डालीं।

chat bot
आपका साथी