Chaitra Navratri 2021: Lockdown में देवी मंदिरों में सन्‍नाटा, संयम के बीच मां कात्‍यायिनी की हो रही साधना

Chaitra Navratri 2021 लॉकडाउन में रविवार को मां अलोपशंकरी मां ललिता देवी मां कल्याणी देवी मां खेमा मायी सहित समस्त देवी मंदिर बंद हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया है। श्रद्धालु घरों में ही मां दुर्गा के छठें स्वरूप कात्यायनी का पूजन कर रहे हैं।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 04:16 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 04:16 PM (IST)
Chaitra Navratri 2021: Lockdown में देवी मंदिरों में सन्‍नाटा, संयम के बीच मां कात्‍यायिनी की हो रही साधना
रविवार को लॉकडाउन में प्रयागराज के सभी मंदिर बंद हैं। नवरात्र में भक्‍त घरों में ही पूजन कर रहे हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। चैत्र नवरात्र में जिन देवी मंदिरों में सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं का जमघट लग जाता था। हाथों में पूजा की टोकरी, चेहरे पर मास्क लगाए, हर कोई मइया के दर्शन-पूजन को लालायित रहता था। घंटा व शंख की कर्णप्रिय ध्वनि के बीच आरती लेने की होड़ होती थी। वहां रविवार को सन्नाटा पसरा है। न मंदिरों में भक्तों की चहल-पहल है, न मइया का जयकारा गूंज रहा है। सिर्फ मंदिर के पुजारी परंपरा के अनुरूप पूजन व दुर्गा सप्तशती का पाठ कर रहे हैं। वहीं, भक्त अपने-अपने घरों में संयम के साथ साधना में लीन हैं।

लॉकडाउन में प्रयागराज के मंदिर बंद हैं

लॉकडाउन के कारण रविवार को मां अलोपशंकरी, मां ललिता देवी, मां कल्याणी देवी, मां खेमा मायी, मां कालीबाड़ी सहित समस्त देवी मंदिर बंद हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया है। वहीं, श्रद्धालु भी घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। वो घर पर ही मां दुर्गा के छठें स्वरूप कात्यायनी का पूजन करने में लीन हैं। कलश स्थल पर दीप जलाकर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। मां को फल, पुष्प व मिष्ठान अर्पित किया। व्रती महिलाओं ने शारीरिक दूरी मानक का पालन करते हुए घर में भजन-कीर्तन के जरिए उनसे शारीरिक, मानसिक, आर्थिक व भौतिक कष्टों से मुक्ति पाने की कामना की।

लाॅकडाउन में मंदिर नहीं खुले पर कात्यायनी स्वरूप का हुआ श्रृंगार

लॉकडाउन के कारण देवी मंदिर रविवार को भले नहीं खुले लेकिन देवी मां का पूजन व श्रृंगार परंपरा के अनुसार किया गया। मां कल्याणी देवी, मां ललिता देवी व मां खेमा मायी का मंत्रोच्चार के बीच मइया के कात्यायनी स्वरूप का रत्नजडि़त आभूषणों से श्रृंगार करके पूजन किया गया। पुजारियों ने मइया की आरती उतारकर जनकल्याण की कामना की। हर मंदिर में शतचंडी यज्ञ भी जारी है। मंदिर के पुजारी व प्रबंधन से जुड़े लोगों ने यज्ञकुंड में आहुतियां डालीं।

इंटरनेट मीडिया पर घर बैठे श्रद्धालु करें मां का दर्शन

लॉकडाउन के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। ऐसे में श्रद्धालु मां के दर्शन से वंचित न रह जाएं, इसलिए इंटरनेट मीडिया में श्रृंगार व पूजन का प्रसारण किया गया। मां कल्याणी देवी व मां ललिता देवी मंदिर प्रबंधन ने फेसबुक लाइव व वीडियो कॉल के जरिए भक्तों को मां का दर्शन कराया।

मंदिरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्‍यान

श्रद्धालुओं के न आने के कारण मंदिरों की सफाई कराई जा रही है। पूरे परिसर की धुलाई करने के साथ घंटा की सफाई करके पूरे परिसर का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। सारी व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद सोमवार की सुबह मंदिर खुलेगा।

chat bot
आपका साथी