प्रयागराज शहर पश्चिमी को नो पालीथिन जोन बनाने के लिए कारोबारियों का अभियान कल से

व्यापारी महासंघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि सात दिसंबर तक चलाए जाने वाले अभियान के दौरान महासंघ के पदाधिकारी शहर पश्चिमी के सभी बाजारों में जाकर व्यापारियों को पालीथीन प्रयोग के दुष्परिणाम बताएंगे। उनसे कागज और कपडे़ के थैले का प्रयोग करने का आग्रह करेंगे।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 10:15 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 10:15 AM (IST)
प्रयागराज शहर पश्चिमी को नो पालीथिन जोन बनाने के लिए कारोबारियों का अभियान कल से
व्यापारी महासंघ की बैठक में निर्णय, कारोबारियों को किया जाएगा प्रेरित

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। शहर पश्चिम व्यापारी महासंघ की बैठक सोमवार को मुंडेरा में हुई। इसमें शहर पश्चिमी को ‘नो पालीथिन जोन’ बनाने के मकसद से व्यापारियों को जागरूक करने के लिए एक सप्ताह तक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अभियान की शुरुआत एक दिसंबर (बुधवार) से होगी। इसमें व्यापारियों को पालीथिन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सात दिसंबर तक अभियान में व्यापारियों को किया जाएगा जागरूक

व्यापारी महासंघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि सात दिसंबर तक चलाए जाने वाले अभियान के दौरान महासंघ के पदाधिकारी शहर पश्चिमी के सभी बाजारों में जाकर व्यापारियों को पालीथीन प्रयोग के दुष्परिणाम बताएंगे। उनसे कागज और कपडे़ के थैले का प्रयोग करने का आग्रह करेंगे। व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी जागरूक करने के लिए प्रतिष्ठानों पर पोस्टर लगाने के लिए कारोबारियों की सहमति भी ली जाएगी। इससे शहर को स्वच्छ बनाने और बढ़ते प्रदूषण को रोकने में मदद मिलेगी। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष अखिलेश सिंह, महामंत्री धनजंय सिंह, राजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल केसरवानी, संयोजक नरेंद्र खेड़ा, रामलोचन साहू, धर्मेंद्र द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र केसरवानी आदि शामिल थे।

श्रीराम दरबार में स्थापित हुईं मूर्तियां

प्रयागराज : स्वच्छता कल्याण समिति नया कटरा ने जनसहयोग से वैदिक परंपरा से श्रीराम दरबार में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा करवाया। सर्वप्रथम जगराम चौराहा से फूलों से सजे रथ पर श्रीराम, जानकी व लक्ष्मण जी की मूर्तियों को विराजमान करके शोभायात्रा निकाली गई। भगवा पताका, शंख ध्वनि, ढोल-नगाड़ों के वादन के साथ जय श्रीराम के उद्घोष करते निकली शोभायात्रा हर किसी के आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी वहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा करके स्वागत किया। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा डी पार्क स्थित श्रीहनुमत कुटीर मंदिर पहुंची। वहां भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त ने पूजन करके श्रीराम दरबार मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा करवाकर उन्हें स्थापित कराया। संचालन साहित्यिक चिंतक व्रतशील शर्मा व आभार राजेश श्रीवास्तव ने ज्ञापित किया। शोभा यात्रा में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विजयलक्ष्मी, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, डा. अतुल, विमल किशोर, मधुकांत मिश्र, वेद प्रकाश पांडेय, अनिल श्रीवास्तव, अमित गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी