CAIT के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कोविड-19 महामारी में सामाजिक ढांचा प्रभावित, अनाथ बच्‍चों व बुजुर्गों पर देें ध्‍यान

कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का मानना है कि सभी राज्य सरकारों को गैर सरकारी संस्थाओं अथवा अन्य सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से इस संबंध में तत्काल काम शुरू कर देना चाहिए। लोक लुभावन योजनाओं की जगह इस पर तत्काल काम चालू करने की जरूरत है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 03:15 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 05:34 PM (IST)
CAIT के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कोविड-19 महामारी में सामाजिक ढांचा प्रभावित, अनाथ बच्‍चों व बुजुर्गों पर देें ध्‍यान
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने कोरोना काल में सहयोग की अपील की।

प्रयागराज, जेएनएन। कोविड-19 महामारी के दौरान सामाजिक ढांचा जिस तरह से हिलता हुआ दिखाई दे रहा है, यह बहुत चिंताजनक और विचारणीय प्रश्न है। जिन बच्चों ने अपने मां-बाप अथवा जिन बुजुर्गों ने अपने बच्चों को खोया है, इस दर्द को वही समझ सकते हैं। पर क्या हम उनके दर्द पर मरहम नहीं लगा सकते। यह सवाल है कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल के।

कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का मानना है कि सभी राज्य सरकारों को गैर सरकारी संस्थाओं अथवा अन्य सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से इस संबंध में तत्काल काम शुरू कर देना चाहिए। लोक लुभावन योजनाओं की जगह इस पर तत्काल काम चालू करने की जरूरत है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो हो सकता है कि यह भूखे-प्यासे बच्चे कल भिखारी बन सड़क पर घूमें या फिर गलत संगत में पड़कर अपराध शुरू कर दें। वहीं बुजुर्ग उम्र के इस पड़ाव पर क्या कर सकते हैं, सोचकर सिहरन होने लगती है।

उन्‍होंने कहा कि केवल सरकारें ही नहीं देश के नागरिकों को भी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को समझना होगा  इधर-उधर चंदा अथवा दान देने की जगह उन एनजीओ एवं सामाजिक संस्थाओं की मदद करनी चाहिए जो वाकई इस क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हों। प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस बात के लिए साधुवाद दिया, क्योंकि उन्होंने अपने बयान में कोविड महामारी में अनाथ हो गए बच्चों को उनकी पढ़ाई और भरण-पोषण के लिए अपने बयान में कहा है। उनका कहना है कि हम अपने आसपास नजर रखते हुए और इनके आत्म सम्मान को बिना ठेस पहुंचाए हमें यह काम करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी