Politics News: जन संवाद में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने लिया सरकारी योजनाओं का फीडबैक

राजरूपपुर में हुए आयोजन में लोगों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से मुफ्त राशन मिल रहा है। क्स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीका भी निरंतर लगाया जा रहा है। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र का भ्रमण कर विकास योजनाओं की भी हकीकत खंगाली

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 07:31 AM (IST)
Politics News: जन संवाद में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने लिया सरकारी योजनाओं का फीडबैक
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में खासे सक्रिय हैं।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में खासे सक्रिय हैं। वह रोज क्षेत्र में जाकर लोगों से मिल रहे हैं। दुख -सुख, शादी विवाह समेत अन्य आयोजनों में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और विकास कार्यों के बारे में बात करते हैं। कालिंदीपुरम कालोनी में वह पार्षद बंधुओं अखिलेश सिंह और मिथलेश सिंह के साथ विकास समिति के पदाधिकारी जेपी तिवारी के यहां प्रीतिभोज समारोह में शामिल हुए तो एक शख्स का निधन होने पर घर जाकर शोक संवेदना भी जाहिर की।  बुधवार को भी उन्होंने शहर पश्चिमी के लोगों के साथ संवाद किया और सरकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

विकास योजनाओं और गलियों के निर्माण का भी हाल देखा

समाजसेवी अखिलेश श्रीवास्तव के आवास राजरूपपुर में हुए आयोजन में लोगों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से मुफ्त राशन मिल रहा है। क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीका भी निरंतर लगाया जा रहा है। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र का भ्रमण कर विकास योजनाओं की भी हकीकत खंगाली। लाल बाग कॉलोनी, राजरूपपुर, गैस गोदाम वाली गली की सड़क का निर्माण कार्य देखा और प्रगति भी जानी।

मानक के अनुसार काम पूरा करने का दिया आदेश

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानक के अनुसार जल्द कार्य पूरा कराया जाए। इसके बाद उनका काफिला पवन पुंडीर और पूर्व ग्राम प्रधान बलराम के निवास देवघाट पहुंचा। वहां भी प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं की जानकारी दी गई। कैबिनेट मंत्री अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, खुल्दाबाद में रमेश साहू के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। वहां व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा की जाएगी। कोई दिक्कत होने पर उन्हें इसकी जानकारी दी जाए।

chat bot
आपका साथी