दिल्ली और मुंबई के लिए सुबह-शाम उड़े फ्लाइट, प्रयागराज के कारोबारियों की है डिमांड

ईस्टर्न यूपी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 13 सितंबर को नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि उद्यमियों को काम के सिलसिले में अक्सर दिल्ली और मुंबई आना-जाना होता है। ज्यादातर व्यापारी सुबह जाना और रात तक लौटना भी चाहते हैं।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 07:40 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 06:32 PM (IST)
दिल्ली और मुंबई के लिए सुबह-शाम उड़े फ्लाइट, प्रयागराज के कारोबारियों की है डिमांड
ईस्टर्न यूपी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री की नागरिक उड्डयन मंत्री से मांग

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कोरोना महामारी का कहर थमने पर अब फ्लाइट की डिमांड बढ़ी है। सभी तरह के यातायात के शुरू होने पर अब हवाई यात्रा में भी तेजी आई है। यही वजह है कि कुछ समय तक यात्रियों की कमी रहने के बाद अब तेजी से इजाफा हो रहा है। यहां तक कि कारोबारी चाहते हैं कि उन्हें फ्लाइट की और भी सुविधा मिलनी चाहिए ताकि व्यापार में तेजी लाई जा सके। संगमनगरी के उद्यमियों का ज्यादातर व्यापार दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से होता है। इसलिए उन्हें अक्सर दिल्ली और मुंबई आना-जाना पड़ता है। इसलिए उद्यमियों ने दोनों महानगरों के लिए यहां से सुबह और शाम की फ्लाइटों के संचालन कराने की मांग नागरिक उड्डयन मंत्री, भारत सरकार से की है।

व्यापार बढऩे के साथ रोजगार और राजस्व में भी इजाफा होने की उम्मीद

ईस्टर्न यूपी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 13 सितंबर को नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि उद्यमियों को काम के सिलसिले में अक्सर दिल्ली और मुंबई आना-जाना होता है। ज्यादातर व्यापारी सुबह जाना और रात तक लौटना भी चाहते हैं। मगर, उद्यमियों के लिए बमरौली एयरपोर्ट से ऐसी व्यवस्था नहीं है। लिहाजा, दिल्ली और मुंबई के लिए कम से कम एक-एक फ्लाइटें सुबह सात बजे यहां से जाने और वहां से शाम को पांच से छह बजे वापस आने के लिए चलवाई जाएं। इस संबंध में मंत्रालय को जल्द निर्देश भी जारी किया जाए।

सरकार को भी राजस्व का मिलेगा फायदा

चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष विनय कुमार टंडन का कहना है कि दोनों महानगर के लिए सुबह-शाम फ्लाइट उपलब्ध होने से व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा। साथ ही सरकार को भी ज्यादा राजस्व मिलेगा। व्यापार में वृद्धि होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसका लाभ प्रयागराज से सटे शहरों मीरजापुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, जौनपुर, फतेहपुर आदि शहरों के व्यापारियों को मिलेगा। इससे विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

chat bot
आपका साथी