पाक पर विजय की 50वीं वर्षगांठ पर एक्शन में बोफोर्स

1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत विजय की 50 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजाद पार्क में सैन्य प्रदर्शन आयोजित की गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 12:30 AM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 12:30 AM (IST)
पाक पर विजय की 50वीं वर्षगांठ पर एक्शन में बोफोर्स
पाक पर विजय की 50वीं वर्षगांठ पर एक्शन में बोफोर्स

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत विजय की 50 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चंद्रशेखर आजाद पार्क में रविवार को सैन्य मेला लगा। विविध हथियारों की प्रदर्शनी अहसास करा रही थी मानो युद्ध का मैदान हो। बोफोर्स तोप में गोले की लोडिंग की आवाज ने हर किसी का ध्यान खींचा। वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे देश में स्वर्णिम विजय वर्ष मनाए जाने की कड़ी में स्वर्णिम विजय मशाल पूर्व-यूपी-एमपी सब एरिया मुख्यालय पहुंची। यहां अब नौ दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। 29 नवंबर को मशाल दिल्ली के लिए रवाना होगी।

आजाद पार्क में सैन्य हथियार मोर्टार को बच्चे देख ही रहे थे कि ग्रेनेड फायर करने के लिए 30 एमएम आटोमैटिक ग्रेनेड लांचर ने सबको अपनी ओर आकर्षित किया। अचानक एक महिला ने अपने कंधे पर राकेट लांचर उठा लिया। 17 साल के शुभम ने असाल्ट राइफल व राहुल ने एमएमजी हाथ में थाम ली। पीछे एंटी टैंक गाइडेड और मशीन गन के साथ मल्टी शार्टगन भी नजर आई। इसी बीच तेज आवाज के साथ गर्जना सुनाई पड़ी तो भीड़ आवाज की ओर पहुंची। सामने बोफोर्स तोप एक्शन में थी। तोप में गोले की लोडिग की तेज आवाज, 360 डिग्री घूमने की तेजी देख रहे लोगों की आंखें थोड़ी देर एकटक खुली रह गईं। किसी के हाथ में लाइट फील्ड गन थी तो कोई सेना के रेडियो की बारीकियां समझ रहा था। इंसानी आंखों से सात गुना अधिक स्पष्ट देखने वाली दूरबीन हर कोई अपनी आंख में लगाता रहा। नाइट विजन दूरबीन, हीट डिटेक्ट करने वाला कैमरा, लेजर रेंड फाइंडर, राडार, एके -47, इंसास राइफल, बम भी दिखे। हवा में कलाबाजी करता ड्रोन और न्यूक्लियर बायोलाजिकल सूट ने भी आकर्षित किया। सेल्फी प्वाइंट पर सलामी देते लोग फोटो क्लिक कराते रहे। शहीदों की तस्वीरों से सजा गेट हर किसी में देशभक्ति का भाव जागृत करता रहा। जवानों संग मेजर वीपी सिंह ने लोगों को हथियारों की तकनीकी जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी