प्रयागराज में बड़ी वारदात, पति और पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, मासूम पुत्र सकुशल
सोरांव थाना क्षेत्र के मनी का पूरा गांव में 32 वर्षीय देवनारायण और 30 वर्षीय उनकी पत्नी रंजना अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ रहते थे। देवनारायण के घर में अज्ञात लोग घुसे। देवनारायण और पत्नी रंजना की गला रेतकर हत्या कर दी। मासूम पुत्र सकुशल है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में मंगलवार की रात में बड़ी वारदात हुई। जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के मनी का पूरा गांव में पति और पत्नी की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने धारदार हथियार से गला रेतकर दंपती की हत्या की। उनका एक वर्षीय मासूम पुत्र सही सलामत है। सुबह जानकारी मिलने पर लोग अवाक रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने जांच-पड़ताल की। हालांकि अभी हत्यारों के संबंध में कोई सुराग नहीं लगा है। हत्या का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सोरांव में देवनारायण व रंजना की हत्या
सोरांव थाना क्षेत्र के मनी का पूरा गांव में 32 वर्षीय देवनारायण और 30 वर्षीय उनकी पत्नी रंजना अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ रहते थे। मंगलवार की रात में सोते समय देवनारायण के घर में अज्ञात लोग घुसे। देवनारायण और पत्नी रंजना की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं उनके मासूम पुत्र को खरोच तक नहीं पहुंचाई।
सुबह हत्या की लोगों को हुई जानकारी
बुधवार सुबह बच्चे के रोने की आवाज पर आसपास के ग्रामीण देवनारायण के घर पहुंचे तो अंदर दोनों की रक्तरंजित लाश पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। फारेंसिक टीम और डाग स्क्वायड भी मौके पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारी आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं, पुलिस कर रही पड़ताल
बताया जाता है कि देवनारायण घर में अपनी पत्नी और एक साल के छोटे बच्चे के साथ रहते थे। गांव में रहकर खेती किसानी और दूसरा काम करते थे। हत्यारे मासूम को जिंदा छोड़ने को लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा है। पुलिस अपने स्तर से जांच-पड़ताल और पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।