इस कदर पीटा कि गर्भवती महिला और पेट में बच्चे की हो गई मौत, ससुरालियों को खोज रही कौशांबी पुलिस

तीन दिन पहले 18 जून को उसे इस कदर बेरहमी से पीटा गया कि वह बेसुध हो गई। बहुंगरी गांव में उसके मायके वालों को खबर मिली तो वह ससुराल पहुंचे और उसे प्रयागराज शहर में स्वरूपरानी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 01:38 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 01:38 PM (IST)
इस कदर पीटा कि गर्भवती महिला और पेट में बच्चे की हो गई मौत,  ससुरालियों को खोज रही कौशांबी पुलिस
24 साल की गर्भवती विवाहिता को दहेज के लिए अंधे हुए ससुरालियों ने पीट-पीटकर बेदम कर दिया।

प्रयागराज, जेएनएन। ससुराल में ऐसी बेरहमी की सुनने वाले भी सन्न रह गए। कौशांबी जनपद के पन्ना का पूरा गांव में 24 साल की गर्भवती विवाहिता को दहेज के लिए अंधे हुए ससुरालियों ने पीट-पीटकर बेदम कर दिया। मायके वाले उसे एसआरएन अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया। पेट में बच्चे की भी मौत हो गई। अब पुलिस जांच कर रही है। ससुराल वाले घर छोड़कर भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

नकदी और बाइक के लिए जल्लाद बन गए ससुराली

24 साल की प्रियंका सिंह सराय अकिल थाना क्षेत्र के ग्राम बहुंगरी की रहने वाली थी। पांच साल पूर्व प्रियंका की शादी पन्ना का पूरा में रहने वाले जितेन्द्र सिंह पुत्र लल्लन सिंह के साथ की गई थी। विवाह के साल भर बाद प्रियंका ने एक बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि विवाह के कुछ ही समय बाद ससुराल में प्रियंका को दहेज की खातिर परेशान किया जाने लगा था। दो लाख रूपये और एक मोटर साइकिल के लिए प्रियंका को मारा-पीटा जाने लगा। आरोप है कि उससे कहा जाता था कि अपने पिता से पैसे और मोटर साइकिल मांग कर ले आओ। मायके वाले ससुरालियों की इस डिमांड को पूरी नहीं कर सके तो प्रियंका को बुरी तरह मारा पीटा जाता था। तीन दिन पहले 18 जून को उसे इस कदर क्रूरता से पीटा गया कि वह बेसुध हो गई। बहुंगरी गांव में उसके मायके वालों को खबर मिली तो वह ससुराल पहुंचे और उसे प्रयागराज शहर में स्वरूपरानी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।

पहले बच्चे की मौत, फिर मां  भी चल बसी

वहां डाक्टरों ने बताया कि प्रियंका गर्भवती है और चोट की वजह से बच्चे की मौत हो चुकी है। ऐसे में प्रियंका के होश में आने पर ही इलाज हो सकता था लेकिन दो दिन गुजर जाने के बाद भी वह बेसुध ही रही। आखिरकार रविवार को उसकी सांस थम गई। मायके वाले बेटी का शव लेकर लौटे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने प्रियंका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता रामसागर सिंह से तहरीर लेकर पुलिस ने पति जीतेंद्र सिंह, ससुर लल्लन सिंह, सास रंगोली देवी के खिलाफ दहेज की खातिर प्रियंका और उसके गर्भ में पल रहे शिशु को पीटकर मार डालने का केस लिखा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। ससुराल वाले घऱ छोड़कर भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी