Panchayat Chunav : प्रयागराज के सोरांव में मतपेटिकाएं तालाब में फेंकी, वाहनों में भी तोडफ़ोड़, रात तक रही अफरातफरी
सोरांव के दांदूपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत कजियानी मजरा के बूथ पर शाम करीब छह बजे बवाल शुरू हुआ। मतदान कर्मियों पर निष्पक्ष चुनाव नहीं कराने का आरोप लगाते हुए लोग पथराव करने लगे। पुलिस पहुंची तो झड़प हो गई। कुछ लोगों ने दो मतपेटिकाएं तालाब में ले जाकर फेंक दी
प्रयागराज, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी घंटों में गुरुवार शाम जिले के सोरांव में मतपेटिका तालाब में फेंक दी गई जबकि उतरांव में मतपेटिका में पानी डाल दिया गया। सोरांव में पुलिस की गडिय़ों और रोडवेज बसों में तोडफ़ोड़ की गई। पथराव में कई कर्मचारी चुटहिल हुए हैैं। दोनों मामलों में एफआइआर की तैयारी चल रही है। इसके अलावा भी हिंसा व झड़प की कई घटनाएं हुईं।
शाम छह बजे शुरू हो गया बवाल
सोरांव ब्लाक के दांदूपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत कजियानी मजरा के बूथ पर शाम करीब छह बजे बवाल शुरू हुआ। मतदान कर्मियों पर निष्पक्ष चुनाव नहीं कराने का आरोप लगाते हुए लोग पथराव करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची तो झड़प हो गई। कुछ लोगों ने दो मतपेटिकाएं तालाब में ले जाकर फेंक दी। यहां पुलिस वाले पहुंचे तो उनके वाहनों में भी तोडफ़ोड़ की गई। मतदान कर्मियों को लेकर आई बस पर भी पथराव किया गया। रात आठ बजे तक यहां अफरातफरी मची रही। एसडीएम सोरांव अनिल चतुर्वेदी ने बताया कि चार मतदेय स्थलों पर आठ मतपेटिकाएं रखीं थीं जिसमें दो को तालाब में फेंका गया। इस बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। सैदाबाद ब्लाक के उतरांव थाना अंतर्गत कहरा ग्राम पंचायत में भी फर्जी वोटिंग को लेकर बवाल हुआ। पीठासीन अधिकारी से झड़प के बाद कुछ लोगों ने मतपेटिका में पानी डाल दिया। देर रात तक मौके पर भीड़ रही और पुलिस बल भी तैनात रहा।