नवरात्र में दिखी जागरूकता, कोविड-19 के नियमों का पालन कर मां दुर्गा का किया दर्शन-पूजन

प्रयागराज में दुर्गा पूजा पंडालों में बिना मास्क के लोगों को भीतर नहीं प्रवेश करने दिया गया। सभी जगहों पर पुलिस कर्मियों के साथ ही पूजा कमेटी के पदाधिकारी मुख्य द्वार पर तैनात थे। दुर्गा पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के हाथों को सैनिटाइज करवाया जा रहा था।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 12:46 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 12:46 PM (IST)
नवरात्र में दिखी जागरूकता, कोविड-19 के नियमों का पालन कर मां दुर्गा का किया दर्शन-पूजन
नवरात्र में प्रयागराज के लोगों ने देवी दुर्गा के दर्शन के दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया।

प्रयागराज, जेएनएन। शारदीय नवरात्र का समापन हो चुका है। नवरात्र में शहर के अलग-अलग स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडालों में जबरदस्त भीड़ भी रही। यहां सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। लोगों ने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मां का दर्शन-पूजन किया। मां के जयकारे लगाए। भक्ति गीतों से पूजा पंडाल गूंजते रहे। बच्चे, बुजुर्ग, युवा सभी मां की भक्ति में लीन रहे।

बिना मास्क वालों को नहीं दाखिल होने दिया भीतर

दुर्गा पूजा पंडालों में बिना मास्क के लोगों को भीतर नहीं प्रवेश करने दिया गया। साउथ मलाका, रामबाग, बाई का बाग, नेतानगर, इंडियन गर्ल्‍स समेत सभी जगहों पर पुलिस कर्मियों के साथ ही पूजा कमेटी के पदाधिकारी मुख्य द्वार पर तैनात थे। दुर्गा पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के हाथों को सैनिटाइज करवाया जा रहा था। रामबाग में तो बिना मास्क के आने वालों को मास्क का वितरण भी किया जा रहा था। सभी जगहों पर कतारबद्ध तरीके से पंडालों में प्रवेश कराया जा रहा था।

दो गज की दूरी, मास्क पहनाना है जरूरी

कोविड-19 को लेकर दुर्गा पूजा कमेटियों ने मुख्य द्वार पर ही बैनर लगा रखे थे। इसमें लिखा था दो गज की दूरी, मास्क पहनाना है जरूरी। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा था। फिजिकल दूरी बनाए रखने पर विशेष जोर था।

भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने जुटी भीड़

बेली रोड पर समिया माई मंदिर पर रविवार को भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ यहां जुटी। लोगों ने मां का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही मां के जयकारे भी लगाए। इसी प्रकार बाई का बाग, नेतानगर में भी भंडारे का आयोजन किया गया था। साउथ मलाका में भंडारा हुआ, लेकिन यहां पैकिंग कर प्रसाद का वितरण किया गया।

chat bot
आपका साथी