बाइक का प्लग गायब होने के झगड़े में प्रयागराज में शादी समारोह में डांस करते लोगों पर चाकू से हमला

अरविंद ने हलवाई से चाकू छीनकर उससे लोगों पर वार किए। चाकू से हमले में गोरेलाल मानिकचंद महेंद्र यादव जख्मी हो गए। चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। घायल तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर बहरिया थाने की पुलिस के साथ सीओ भी पहुंच गए।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:28 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:28 PM (IST)
बाइक का प्लग गायब होने के झगड़े में प्रयागराज में शादी समारोह में डांस करते लोगों पर चाकू से हमला
पुलिस ने हमला करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के गंगापार इलाके के बहरिया में बाइक क प्लग गायब होने और इंजन में चीनी डालने पर हुए झगड़े में खून-खराबा हो गया। कहासुनी और झड़प के दौरान शादी समारोह में आए तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हमला करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

शादी वाले घर में मची चीख-पुकार

घटना बहरिया में दलीपुर गांव के मजरा मालीपुर गांव की है। यहां घनश्याम भारतीय की बेटी ममता का गुरूवार को विवाह था। दोपहर में बरात की विदाई के बाद कुछ लोग डीजे गोरेलाल, मानिकचंद्र, महेद्र यादव नाच रहे थे। उसी दौरान पड़ोसी संतोष भारतीय का दामाद विजय कुमार अपने भाई अरविंद और गोविंद के साथ आया था। बताते हैं कि तभी विजय की बाइक का प्लग गायब हो गया। प्लग की जगह पर चीनी डाल दिया गया। विजय ने इस बारे में पूछा तो डीजे के गानों पर नाच रहे लोग हंसने और उल्टा-सीधा बोलने लगे। कहासुनी होने पर डांस कर रहे लोगों पर विजय और उसके रिश्तेदारों ने हमला कर दिया। अरविंद ने हलवाई से चाकू छीनकर उससे लोगों पर वार किए। चाकू से हमले में गोरेलाल, मानिकचंद, महेंद्र यादव जख्मी हो गए। चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। घायल तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर बहरिया थाने की पुलिस के साथ सीओ भी पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। फिर चाकू मारने के आरोपित अरविंद कुमार, विजय कुमार, गोविंद कुमार, अंकुर और कन्हैयालाल को पकड़ लिया गया। उन सभी को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर पकड़े गए लोगों के खिलाफ केस लिखा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी