Prayagraj Weather News: मानसून की आहट से छाए बादल, दिन में अंधेरा और हो रही रिमझिम बारिश

Prayagraj Weather News मौसम में बदलाव का असर यह रहा कि तापमान में कमी दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच कम रहा।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:25 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 02:00 PM (IST)
Prayagraj Weather News: मानसून की आहट से छाए बादल, दिन में अंधेरा और हो रही रिमझिम बारिश
प्रयागराज के आसमान पर घने बादल छाए हैं और रिमझिम बारिश हो रही है।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में मानसून की दस्‍तक हो रही है। शनिवार की रात से बारिश का क्रम शुरू हुआ है जो अभी तक जारी है। सुबह तक तो बारिश रुक-रुककर हो रही थी। वहीं दोपहर में बादल और भी घने हो गए। बारिश की बूंदों का क्रम नहीं टूट रहा है। आलम यह है कि दोपहर में सड़कों पर वाहन चलाने वाले हेड लाइट जलाकर चल रहे हैं।

उमस भरी गर्मी से मिली राहत

इसका असर भी दिखने लगा है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार की सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहे। रुक-रुककर रिमझिम बारिश भी सारी रात होती रही, यह क्रम सुबह तक जारी रहा। उमस भरी गर्मी से प्रयागराज के लोगों को राहत हुई है। वहीं पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में भी बारिश हुई।

आज का जानें तापमान

मौसम में बदलाव का असर यह रहा कि तापमान में कमी दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो कम था। रात में घने बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया और बारिश शुरू हो गई।

मौसम विज्ञानियों का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सा में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। बंगाल की उत्तर पश्चिमी खाड़ी पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसकी वजह से पूर्वी यूपी समेत कई राज्यों मेेंं छिटपुट बारिश हो रही है।

इलाहाबाद विश्‍वविद्याल के भूगोल विभाग के प्रोफेसर ने यह कहा

इलाहाबाद विश्‍वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रो. एचएन मिश्रा ने बताया कि मानसून आ गया है। बारिश की निरंतर संभावना बनी है। अब बारिश में तीव्रता आएगी। वहीं, के. बनर्जी वातावरणीय एवं समुद्रीय विज्ञान केंद्र के एसोसिएट प्रोफेसर शैलेंद्र राय का कहना है कि अगले चार-पांच दिन बारिश की उम्मीद है। तापमान में अभी और गिरावट दर्ज होगी।

वज्रपात से किशोरी की गई जान

नारीबारी क्षेत्र के कोहडिय़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोरी की जान चली गई। उसकी बहन भी झुलस गई, जिसका इलाज चल रहा है। कोहडिय़ा गांव निवासी अमरजीत सिंह ने घर के सामने ही सब्जी की खेती की है। शनिवार शाम लगभग सात बजे रक्षा सिंह (15) अपनी छोटी बहन पायल सिंह (13) के साथ सब्जी तोडऩे गई थी। अचानक बूदाबांदी होने पर पास के ही आम के पेड़ के नीचे पहुंच गई। तभी वज्रपात होने से रक्षा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। छोटी बहन पायल की चीख सुन कर परिजन दौड़ कर मौके पर पहुंचे और दोनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने रक्षा सिंह को मृत घोषित कर दिया। पायल की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।

chat bot
आपका साथी