Prayagraj Weather Forecast : सूरज ने दिखाए तेवर तो बढ़ी उमस, गर्मी से लोग परेशान
Prayagraj Weather Forecast सोमवार की सुबह से तो आसमान एकदम साफ हो गया। ऐसे में सूर्य की किरणें एक बार फिर तल्ख हो गईं। सूर्य की किरणों के सीधा धरती पर पड़ने के कारण गर्मी और उमस भी बढ़ गई है। लोग गर्मी से परेशान नजर आए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज का मौसम एक बार फिर बदल गया है। पिछले दिनों की बारिश के बाद मौसम तल्ख होने लगा है। सोमवार को सुबह से आसमान बिल्कुल साफ रहा। आकाश से बादल गायब हैं। इसके चलते खिलकर धूप खिली है। उमस भरी गर्मी का वर्चस्व एक बार फिर बढ़ गया है। आज दिन भर गर्मी से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
पिछले दिनों की बारिश से मिली थी राहत
शुक्रवार तक जिले के आसमान पर घने और काले बादलों का वर्चस्व था। लगातार दो दिन तक कभी झमाझम तो कभी रिमझिम बारिश हुई। इससे बढ़ते तापमान ठिठक गया था। आलम यह हो गया था कि पंखे की हवा भी रात में सिहरन उत्पन्न कर रही थी। लोगों ने अनुमान भी लगाया कि अब ठंड की शुरूआत हो गई है। वहीं रविवार से मौसम ने फिर करवट ली। आसमान से कल ही बादलों की विदाई होने लगी थी। वहीं सोमवार की सुबह से तो आसमान एकदम साफ हो गया। ऐसे में सूर्य की किरणें एक बार फिर तल्ख हो गईं। सूर्य की किरणों के सीधा धरती पर पड़ने के कारण गर्मी और उमस भी बढ़ गई है। लोग गर्मी से परेशान नजर आए।
बिजली समस्या का नहीं हो रहा समाधान
शहर के लोगों की परेशानी नहीं कम हो रही है। बारिश में भी लोकल फाल्ट की समस्या उन्हें झेलनी पड़ रही थी। अब मौसम गर्म होने पर भी बिजली कटौती जारी है। इससे लोग परेशान हैं। शहर के तमाम इलाकों में इन दिनों बिजली फाल्ट की समस्या बरकरार है। इससे पेयजल की भी समस्या उत्पन्न हो गई है।