Murder Case Pratapgarh: जिस जमीन के लिए कत्ल, उसी पर किया परिवार के लोगों ने शव का दाह संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर राम शरण का शव धरौली गांव लाया गया तो परिवार के लोग रोने-चीखने लगे। राम शरण के परिवार के लोगों ने कह दिया कि वे उसी जमीन पर शव को दफनाएंगे जिसके चक्कर में कत्ल किया गया है। आखिरकार वहीं दाह संस्कार किया गया

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 05:48 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 06:06 PM (IST)
Murder Case Pratapgarh: जिस जमीन के लिए कत्ल, उसी पर किया परिवार के लोगों ने शव का दाह संस्कार
राम शरण का शव गांव लाया गया तो परिवार के लोग विवादित जमीन पर ही शव दफनाने पर अड़ गए।

प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार दोपहर अंतू इलाके के धरौली गांव में जमीन बंटवारे के झगड़े में एक शख्स ने अपने सगे भाई राम शरण गुप्ता को धारदार हथियार से हमला कर मार डाला था। घटना स्थल पर सीमा विवाद को लेकर अमेठी व अंतू पुलिस उलझी रही। बाद में अंतू पुलिस ने सीओ के आदेश पर केस लिखकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद राम शरण का शव गांव लाया गया तो परिवार के लोग विवादित जमीन पर ही शव दफनाने पर अड़ गए। बाद में वहीं पर दाह संस्कार किया।

भाई और भतीजे ने अंजाम दी थी वारदात

धरौली गांव प्रतापगढ़ में अंतू और अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाने की सीमा पर है। धरौली के शीतला बक्श का पुरवा के 40 वर्षीय राम शरण गुप्ता का अपने सगे भाई राम खेलावन गुप्ता से जमीन के बंटवारे का विवाद बना हु था। शनिवार दोपहर तकरीबन 12 बजे दोनों भाई कहासुनी के बाद आमने- सामने हो गए। आरोप है कि भाई राम खेलावन व उसके बेटे पिंटू ने रामशरण पर चाकू व तलवार से हमला कर दिया। खून से लथपथ राम शरण को परिवार के लोग अमेठी जनपद के सीएचसी संग्रामपुर ले गए तो डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

शव गांव आया तो  स्वजनों को समझाने में जुटी पुलिस

खबर पाकर अंतू थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन घटना अमेठी जनपद की बताकर लौट गई थी। अमेठी जिले की संग्रामपुर थाने की पुलिस भी पहुंची तो उसने प्रतापगढ़ के अंतू थाने का मामला बता दिया। फिर प्रतापगढ़ के सीओ सिटी अभय पांडेय को जांच में पता चला कि मृतक व आरोपित दोनों अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के शीतला बक्श का पुरवा धरौली के निवासी हैं, जबकि घटनास्थल अंतू थाना क्षेत्र की सीमा पर है। इस पर उन्होंने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देते हुए अंतू पुलिस को अभियोग दर्ज करने के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि घटना स्थल अंतू क्षेत्र में है। शव का पोस्टमार्टम अमेठी में होगा। पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर राम शरण का शव धरौली गांव लाया गया तो परिवार के लोग रोने-चीखने लगे। राम शरण के परिवार के लोगों  ने कह दिया कि वे उसी जमीन पर शव को दफनाएंगे जिसके चक्कर में कत्ल किया गया है। अंतू और संग्रामपुर पुलिस ने रोका तो स्वजन कहने लगे कि जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं हो जाते, वे अंत्येष्टि नहीं करेंगे। परिवार के लोगों के ऐलान से पुलिस मुश्किल में पड़ गई। दोनों थानों की पुलिस किसी तरह समझाने का प्रयास करती रही। आखिरकार शाम को पुलिस की मौजूदगी में परिवार के लोगों ने उसी जमीन पर दाह संस्कार कर दिया।

chat bot
आपका साथी