Accident in Prayagraj : घने कोहरे में कार बेकाबू कार दुकान में घुसी, साले-बहनोई की मौत
Accident in Prayagraj हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। अंधेरे में किसी तरह कार में फंसे हुए अली हुसैन और इरशाद को बाहर निकाला गया तो दोनों खून से लथपथ थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। जिले में बुधवार रात छाया घना कोहरा दो लोगों की जिंदगी का काल बन गया। शहर से हंडिया स्थित गांव लौट रहे साले-बहनोई की कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। हादसा हंडिया बाजार में हुआ। दुर्घटना में कार सवार साले-बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रयागराज शहर से लौट रहे थे घर
प्रयागराज जिले में हंडिया इलाके में वार्ड नंबर 13 निवासी अली हुसैन (30) की कस्बा स्थित बाजार में अंडा रोल की दुकान थी। उनके साथ दुकान पर उनका साला इरशाद (25) भी रहता था। दोनों लोग बुधवार को कार से प्रयागराज आए थे। शहर में काम निपटाने के बाद देररात घर लौट रहे थे। वह हंडिया कस्बे में पहुंचे थे। सड़क पर घना कोहरा छाया था। इससे अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घर में मचा कोहराम
हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। अंधेरे में किसी तरह कार में फंसे हुए अली हुसैन और इरशाद को बाहर निकाला गया तो दोनों खून से लथपथ थे। उन्हें किसी तरह अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते कलपते घरवाले घटनास्थल पर पहुंचे। अली हुसैन और इरशाद की मौत से घरवाले गम में डूबे हुए हैं।