मासूम की दर्द भरी दास्‍तां, पहले रूठे माता-पिता फिर जिंदगी ने भी छोड़ दिया साथ

दिल को झकझोर देने वाला यह वाकया प्रयागराज के जिला महिला चिकित्सालय यानी डफरिन अस्पताल में हुआ। इस अस्‍पताल में काजल नामक महिला एक युवक के साथ पहुंची। फर्जी नाम पता लिखवाकर मासूम को अस्‍पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। मासूम की मौत हो गई।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 09:27 AM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 09:33 AM (IST)
मासूम की दर्द भरी दास्‍तां, पहले रूठे माता-पिता फिर जिंदगी ने भी छोड़ दिया साथ
प्रयागराज के डफरिन अस्पताल में बीमार अवस्था में मासूम को भर्ती कराने के बाद महिला और युवक भाग गए।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। मां की कोख से जन्म लेकर इस दुनिया में आई 'नन्हीं परी' को क्या पता था कि वह जिनकी गोद में पहुंची है, वही उसके दुश्मन बन जाएंगे। बीमार हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराकर माता-पिता निकल भागे। पूरी तरह से आंख भी न खोल पाई मासूम से मां ही नहीं, शायद जिंदगी भी रूठी थी। भर्ती कराए जाने के दूसरे ही दिन नवजात बच्ची के प्राण निकल गए। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

प्रयागराज के डफरिन अस्‍पताल का केस

दिल को झकझोर देने वाला यह वाकया प्रयागराज के जिला महिला चिकित्सालय यानी डफरिन अस्पताल में हुआ। इस अस्‍पताल में काजल नामक महिला एक युवक के साथ पहुंची। मुकेश नामक युवक को अपना पति बताया। पता लिखाया रीवा (मप्र) में मऊगंज का। काजल बीमार बच्ची को लेकर गई थी। अस्पताल की डाक्टरों ने उसे एनएससीयू में भर्ती कर लिया। उधर कुछ देर के बाद महिला और युवक वहां से बिना किसी को बताए फरार हो गए।

महिला ने अस्‍पताल में गलत मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया

अस्पताल में जब महिला नहीं मिली तो नर्स व अन्य कर्मचारियों के होश उड़ गए। सके बाद बच्ची की मौत भी हो गई। इसकी सूचना शाहगंज थाना पुलिस को दी गई। थोड़ी देर में पुलिस कर्मी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। डफरिन अस्पताल के मैनेजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला ने अपना मोबाइल नंबर भी गलत लिखाया था। पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

शाहगंज इंस्‍पेक्‍टर बोले- महिला व युवक की तलाश की जा रही है

इंस्पेक्टर शाहगंज भरत कुमार ने बताया कि मासूम बच्ची को महिला ने गुरुवार शाम भर्ती कराया था। मौत होने पर अस्पताल से सूचना मिली। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह महिला और युवक कौन थे।

chat bot
आपका साथी