भाजपा के 10 पदाधिकारियों ने केशव को सौंपा त्यागपत्र

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से आहत कई पदाधिकरियों ने डिप्टी सीएम को त्यागपत्र सौँप दिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Feb 2021 11:16 PM (IST) Updated:Wed, 03 Feb 2021 11:16 PM (IST)
भाजपा के 10 पदाधिकारियों ने केशव को सौंपा त्यागपत्र
भाजपा के 10 पदाधिकारियों ने केशव को सौंपा त्यागपत्र

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से आहत वार्ड-27 म्योराबाद के सेक्टर संयोजकों और बूथ प्रभारियों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। सर्किट हाउस में बुधवार को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक में 10 सेक्टर प्रभारियों और बूथ प्रभारियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि उनका कहना है कि वह अपने पद से त्यागपत्र जरूर दे रहे हैं पर पार्टी की सेवा करते रहेंगे। फिलहाल इन पदाधिकारियों को मनाने का प्रयास चल रहा है।

मंगलवार को सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यकर्ताओं से मंत्रणा कर रहे थे। इसी दौरान म्योराबाद के सेक्टर संयोजक (प्रथम) राम धीरज त्रिपाठी और सेक्टर संयोजक (द्वितीय) केके मिश्र आठ बूथ अध्यक्षों और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से अपनी नाराजगी जताई। कहा कि वह डॉ. मुरली मनोहर जोशी और डॉ. नरेंद्र सिंह गौर के समय से पार्टी से जुड़े हैं। संगठन के सभी अभियान में सक्रिय भागीदारी करते आए हैं लेकिन अब उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता। वह जब भी अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हैं तो उनकी सुनवाई नहीं होती है। शिकायतों को दरकिनार कर दिया जाता है। लंबे समय से उनके क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। इसलिए वह बूथ अध्यक्ष हिमांशु तिवारी, राम किंकर, सीपी तिवारी, बृजेश कुमार, संजय कुमार, महेश चंद्र शर्मा, कुंवर पंकज सिंह, वीके शर्मा के साथ पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। इस दौरान उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता डीएस पांडेय, पीके पांडेय, रामचंद्र, दिनेश कुमार, सारंगधर, दिनेश कुमार तिवारी ने भी उपेक्षा की बात कही। डिप्टी सीएम ने महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी से कहा कि कार्यकर्ताओं की बात सुन उनकी समस्या हल करवाएं। महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी का कहना है कि सभी पदाधिकारियों के साथ बैठकर कर उन्हें मना लिया जाएगा। भाजपा एक परिवार है। इसमें हो सकता है कुछ लोग भावावेश में आकर कुछ कह दें लेकिन त्यागपत्र जैसी कोई बात नहीं है।

chat bot
आपका साथी