अलीगढ़ में युवक-युवती की संदिग्ध हालात में मौत

जवां के गांव कोटा बहादुरपुर में फंदे पर लटका मिला युवक का शव फर्श पर मृत मिली गर्भवती युवती दोनों के स्वजन ने लगाए गंभीर आरोप देर रात दोनों शवों का अंतिम संस्कार।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 01:39 AM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 01:39 AM (IST)
अलीगढ़ में युवक-युवती की संदिग्ध हालात में मौत
अलीगढ़ में युवक-युवती की संदिग्ध हालात में मौत

संवाद सूत्र, जवां : क्षेत्र के गांव बहादुरपुर कोटा में रविवार सुबह युवक-युवती संदिग्ध अवस्था में मृत मिले। युवक का शव फंदे पर लटका था तो सात माह की गर्भवती युवती का शव फर्श पर पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। रिश्ते में दोनों मौसेरे भाई-बहन थे। गांव में चर्चा है कि दोनों में नजदीकियां थीं। युवती के ससुरालियों का आरोप है कि युवक ने बहू के साथ जोर जबर्दस्ती करने में विफल रहने पर उसकी हत्या कर दी। फिर खुद भी फांसी लगा ली। युवती पक्ष ने दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर रात में ही अंतिम संस्कार करा दिया।

एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गांव बहादुरपुर कोटा निवासी 22 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू की नजदीकियां गांव में ही ब्याही मौसेरी बहन बुलबुल से थीं। युवती का मायका अलीगढ़ के मोहल्ला जयगंज में है। बुलबुल का पति विकास महाराष्ट्र में ताले का कारोबार करता है। दीपक अक्सर युवती से मिलने उसके घर आता था। युवती के ससुरालियों को यह पसंद नहीं था। कई बार विरोध भी कर चुके थे। इस बात से नाराज सात माह की गर्भवती बुलबुल अपने सास-ससुर से अलग रहने लगी। शनिवार रात दीपक सीढ़ी जरिये उसके घर पहुंचा। सुबह कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। पास ही युवती का शव पड़ा था। शरीर पर चोट व काटे जाने जैसे निशान थे। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। युवती पर तीन साल की बेटी है।

एसपी सिटी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। हर बिदु पर जांच की जा रही है। डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें युवक की मौत हैंगिग (खुदकुशी) से होना पाया गया है। युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। किसी पक्ष से तहरीर नही मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है, फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उलझाया

देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस को और उलझा दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे नजदीकियों से जुड़ा मामला मानकर चल रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण खुदकुशी बताया गया है तो युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की है। अब पुलिस नए सिरे से गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। इससे पहले फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।

चार साल पहले हुई थी शादी

सासनीगेट के जयगंज निवासी राजवीर सिंह ने रिश्ते के साढू अनिल कुमार के कहने पर कोटा बहादुरपुर निवासी विकास के साथ बेटी की शादी करीब चार साल पहले की थी।

मासूम के रोने पर पता चली घटना

ससुर प्रताप सिंह के अनुसार सुबह तीन साल की नातिन रो रही थी। वे उसे लेकर बहू के कमरे में पहुंचे तो दरवाजा बंद था। खटखटाने पर खुल गया। दरवाजा खुला तो बहू मृत पड़ी थी। दीपक फंदे पर लटका था। प्रताप सिंह का आरोप था कि दीपक ने गर्भवती बहू के साथ जबर्दस्ती करने का प्रयास किया। विफल होने पर उसकी हत्या कर दी, फिर खुदकुशी कर ली।

ससुरालियों ने दोनों को मार डाला

युवती के पिता व मां रेखा ने ससुरालियों पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा है कि शादी के बाद से ससुराली दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। कई बार उन्होंने दहेज की मांग को पूरा भी किया। इसके बाद भी वे उसे परेशान करते थे। देर रात भी उन्होंने बेटी के साथ मारपीट की थी। यह जानकारी बेटी ने उन्हें फोन पर दी थी। दीपक बहन से मिलने पहुंचा था। जहां ससुरालियों ने दोनों को मार डाला।

15 दिन में ही खुशियां मातम में बदली

युवती की ननद की चार जुलाई को ही शादी हुई है। घर में शादी की खुशियों का माहौल था। 11 जुलाई को ही उसकी पहली विदा हुई थी। विकास नौ जुलाई को मुंबई चला गया था। रविवार को बहू की मौत के बाद घर में मातम पसर गया।

chat bot
आपका साथी