वेतनवृद्धि की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, उत्‍साहित कर्मचारियों ने नगर आयुक्‍त के लगाए जयकारे Aligarh news

नगर निगम में कार्यरत आउटसाेर्सिंग कर्मचारियों की वेतनवृद्धि की सालों पुरानी मांग पूरी हो गई। वेतन में तीन हजार रुपये की वृद्धि की गई है। इससे उत्साहित कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह को आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 01:34 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 02:14 PM (IST)
वेतनवृद्धि की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, उत्‍साहित कर्मचारियों ने नगर आयुक्‍त के लगाए जयकारे Aligarh news
नगर आयुक्त से मिले कर्मचारियों ने वेतनवृद्धि की मांग पूरी होने पर जयकारे लगाए।

अलीगढ़, जेएनएन : नगर निगम में कार्यरत आउटसाेर्सिंग कर्मचारियों की वेतनवृद्धि की सालों पुरानी मांग पूरी हो गई। वेतन में तीन हजार रुपये की वृद्धि की गई है। इससे उत्साहित कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह को आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। नगर आयुक्त ने कर्मचारियों से निष्ठा और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की है। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में एकजुट होकर अलीगढ़ को अव्वल बनाने को भी कहा। 

प्राथमिकता में थी कर्मचारियों की समस्‍या

नगर निगम के विभिन्न विभागों में आउटसोर्स पर काम कर रहे सामान्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, चपरासी, बेलदार, ड्राइवर, हेल्पर, लिपिक व कंप्यूटर आपरेटर का वेतन बढ़ाने की मांग हो रही थी। ये कर्मचारी 10 से 15 वर्षों से काम कर रहे हैं। महंगाई बढ़ने के बाद भी इनके वेतन में वृद्धि नहीं हो सकी। नगर आयुक्त ने बताया कि कर्मचारियों की इस समस्या को प्राथमिकता पर रखा गया था। महापौर और पार्षदों द्वारा भी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की मांग हो रही थी। उन्होंने बताया कि सभी सामान्य आउटसोर्स कर्मचारियों का दैनिक वेतन 200 रुपये से बढ़ाकर 308 रुपये कर दिया गया है। अब कर्मचारियों को प्रतिमाह करीब 9000 रुपये मिलेंगे। कंप्यूटर आपरेटर का वेतन भी बढ़ा दिया गया है। 

कर्मचारियों ने लगाए जयकारे

नगर आयुक्त से मिले कर्मचारियों ने वेतनवृद्धि की मांग पूरी होने पर जयकारे लगाए। नगर आयुक्त का जोशीला स्वागत किया। कर्मचारी नेता संजय सक्सेना, विजय गुप्ता ने कहा कि यह कर्मचारियों के हित में लिया गया निर्णय है। बढ़ती महंगाई में कर्मचारी घर खर्च नहीं चला पा रहे थे। कोविड- 19 के संकट में भी वह दिनरात अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। नगर आयुक्त ने एक सराहनीय पहल की है, जिसके लिए नगर निगम परिवार का प्रत्येक कर्मचारी सदैव ऋणी रहेगा।

chat bot
आपका साथी