पेयजल संकट पर लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं Aligarh News
बन्नादेवी क्षेत्र के आइटीआइ रोड पर पेयजल संकट को लेकर रविवार को फिर जाम-प्रदर्शन हुआ। इस बार भीड़ का नेतृत्व महिलाओं ने किया। सुबह लाठी-डंडे लेकर घरों से निकली महिलाओं ने पुलिस चौकी के बाहर जाम लगा दिया।
अलीगढ़, जेएनएन। बन्नादेवी क्षेत्र के आइटीआइ रोड पर पेयजल संकट को लेकर रविवार को फिर जाम-प्रदर्शन हुआ। इस बार भीड़ का नेतृत्व महिलाओं ने किया। सुबह लाठी-डंडे लेकर घरों से निकली महिलाओं ने पुलिस चौकी के बाहर जाम लगा दिया। पुरुष और बच्चे भी आ गए। मेयर, जीएम जल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। चौकी का घेराव किया। इसी बीच पहुंचे पूर्व सांसद व सपा नेता चौ. बिजेंद्र सिंह के सरकार पर सवाल उठाने पर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध कर दिया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
यह है मामला
आइटीआइ रोड पर अमृत योजना के तहत वाटर लाइन डाली गई थी। नई लाइन से पुरानी लाइन जोड़ने पर लीकेज की समस्या पैदा हो गई। इससे जलापूर्ति काफी दिनों से प्रभावित है। कुछ दिन पहले भी यहां जाम-प्रदर्शन हुआ था। रविवार को सुबह लाठी-डंडे लिए महिलाओं की भीड़ चौकी के सामने जमा हो गई। बाकी लोग भी पहुंच गए और जाम लगाकर मेयर मोहम्मद फुरकान और जीएम जल अनवर ख्वाजा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। तभी पहुंचे पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह प्रदर्शन में शामिल हो गए। कहने लगे उनके आवास के सामने भी लीकेज होने से पानी भरा है। मेयर और जीएम के खिलाफ नारेबाजी से कुछ नहीं होगा, योगी सरकार दोषी है, मुर्दाबाद सरकार की होनी चाहिए। इस पर वहां मौजूद भाजपा के सह मीडिया संपर्क प्रमुख हिमांशु शर्मा व अन्य कार्यकर्ता भड़क गए और योगी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। माहौल गर्माता देख वहां मौजूद एसीएम प्रथम संदीप कौशल व पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पूर्व सांसद के जाने के बाद भाजपा नेताओं के साथ लाेगों ने चौकी का घेराव किया। दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर लोग शांत हुए।
......
भाग गया आपरेटर
भाजपा नेता हिमांशु ने बताया कि जाम लगाने से पहले महिलाएं किशाेर नगर स्थित नलकूप पहुंची थीं। यहां आपरेटर वसीम ताला लगाकर भाग गया। अधिकारियों का फोन नहीं उठा। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक युवक की मौत हुई थी। शोक जताने रिश्तेदार पहुंचे, घर में इतना पानी नहीं था कि उन्हें दे सकें। महिलाओं ने कहा कि सुनवाई नहीं हुई तो अधिकारियों को चूड़ियां दी जाएंगी। रामनगर, गौड़ नगर, किशाेर नगर में समस्या बनी हुई है। प्रदर्शन में चेतन सिंह, रीना खंडेलवाल, अंजू शर्मा, माया ठाकुर, बाल पाठक, साधना शर्मा, गीता शर्मा, गौरव राजोरिया, रामकुमार गौतम, विमल किशोर पाठक, डिंपी, प्रदीप गुप्ता आदि शामिल थे।
.....
कैलाश नगर में भी पेयजल संकट
एटा चुंगी स्थित कैलाश नगर में भी पेयजल संकट छाया है। रविवार को प्रतिष्ठा हेल्पलाइन के चेयरमैन डीआर यादव ने मौके पर जाकर लोगों की समस्याएं सुनी और इसका निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। लोगों ने बताया कि वाटर लाइन से कुंवर नगर, कैलाश नगर मे जलापूर्ति नहीं हो रही। सड़कें भी नहीं बनी हैं।