क्वार्सी थाने के सामने महिलाकर्मी को लूटा

शहर में थाने के सामने तक महिला को लूट लिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Apr 2018 01:30 PM (IST) Updated:Sun, 29 Apr 2018 01:30 PM (IST)
क्वार्सी थाने के सामने महिलाकर्मी को लूटा
क्वार्सी थाने के सामने महिलाकर्मी को लूटा

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : बेखौफ बदमाश अब थाने-चौकियों के सामने भी वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। शनिवार को क्वार्सी थाने के सामने विकास भवन में कार्यरत महिला कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट हो गई। शिक्षिका का पता पूछने के बहाने दो बदमाशों ने महिला को रोककर गहने नोंच लिए, नकदी भी लूट ले गए। घटना को लेकर पुलिस के लापरवाह रवैये पर भड़के विकास भवन के कर्मचारियों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।

सासनीगेट क्षेत्र के जयगंज निवासी सोहनलाल सहारनपुर विकास भवन में सीडीओ कार्यालय में तैनात हैं। उनकी पत्‍‌नी रेखा रानी यहां विकास भवन में जिला विकास कार्यालय में प्रधान सहायक पद पर कार्यरत हैं। प्रतिदिन की भांति रेखा शनिवार सुबह 10 बजे ऑटो से ड्यूटी के लिए निकलीं। अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम के पास ऑटो रुकवा कर पैदल विकास भवन की ओर बढ़ रही थीं। तभी एक शख्स आया और पूछने लगा-कविता नाम की शिक्षिका बाबा रामदेव की योग क्लास चलाती हैं, उनके पास जाना है। महिला ने जानकारी से इन्कार कर दिया और आगे बढ़ गई। तभी दूसरा शख्स पहुंचा और कहने लगा-माहौल खराब है, गहने पहनकर घर मत निकला करो। दोनों बदमाशों ने महिला को घेरकर चेन, कुंडल, अंगूठी और हाथ में लगा एटीएम कार्ड कवर छीन लिया। इस कवर में 2500 रुपये, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड था। फिर दोनों बाइक पर सवार होकर शहर की ओर भाग निकले। महिला शोर मचाते हुई क्वार्सी थाने पहुंची। पीड़िता ने बताया कि पुलिस बदमाशों का पीछा करने की बजाय उसका नाम-पता और तहरीर लिखने को कहती रही। एक पुलिसकर्मी बाहर आया भी, मगर तब तक बदमाश भाग चुके थे। एक बदमाश ने लाल चेक की शर्ट पहन रखी थी, दूसरा सफेद शर्ट में थे। उम्र 30 से 40 वर्ष की थी। खबर पाकर विकास भवन के दर्जनों कर्मचारी बाहर निकल आए और पुलिस के रवैये का विरोध करने लगे।

पुलिस बता रही ठगी : इंस्पेक्टर क्वार्सी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि मामला ठगी का है। जेवर साफ करने के बहाने उतरवाए गए थे। जेवर हाथ आते हुए शातिर भाग गए। बताए गए हुलिया के आधार पर बदमाशों की पहचान कराई जा रही है।

chat bot
आपका साथी